किसान आंदोलन के समर्थन में डब्ल्यूडब्ल्यूई (WWE) के स्टार रेसलर सुनील सिंह, उनके भाई समीर सिंह और महान गामा पहलवान के भतीजे जिंदर महल ने देश में चल रहे किसान आंदोनल को अपना समर्थन दिया है। कनाडा में जन्मी पहलवान जोड़ी सुनील उर्फ गुरविंदर सिहरा और समीर उर्फ हरविंदर सिहरा ने किसान आंदोलन का समर्थन करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया।
सुनील सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की। इसमें दो हाथों में बंधी पट्टी में WSWF (WeStandWithFarmers) लिखा दिख रहा है। उन्होंने तस्वीर के कैप्शन की शुरुआत भी हैशटैग WeStandWithFarmers से की। उन्होंने आगे लिखा, ‘हजारों मील दूर, हम अपनी लड़ाई लड़ते हैं। हालांकि, अभी सबसे बड़ी लड़ाई भारत में भीषण ठंड में हो रही है। लोग अपने मूलभूत अधिकारों के लिए लड़ रह रहे हैं। वे अपनी बात सुनाने के लिए लड़ रहे हैं। यह सब देखना वास्तव में दुखद और निराशाजनक है।’
उन्होंने आगे लिखा, ‘पिछले तीन महीने से यह लगातार चल रहा है। हम दिल से भारत में हमारे सभी सिख, मुस्लिम, हिंदू, भाई, बहन और सभी किसानों के साथ है। आपकी आवाजें दुनिया को सुनाई देने लगी हैं। अपना सम्मान कायम रखें। मैं आशा करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि जल्द ही एक सकारात्मक हल निकले। अपने जमीर को जीतो, दुनिया को जीतो।’
समीर ने इंस्टाग्राम पर अपनी और सुनील के साथ वाली एक तस्वीर पोस्ट की। इसमें वे दोनों एक पट्टी लिए हुए थे। उस पर लिखा हुआ था, ‘We Stand With Farmers (हम किसानों के साथ हैं)।’ उन्होंने तस्वीर के कैप्शन में लिखा, ‘सर्दियों में दो महीने हो चुके हैं, लेकिन उनकी आवाजें अब तक नहीं सुनी गईं हैं। किसान आंदोलन के दौरान 130 से ज्यादा प्रदर्शनकारी अपनी जान गंवा चुके हैं। मीडिया चुप है। कर्जा लेकर खेती करने का मतलब है कि किसानों की आत्महत्या के मामले बढ़ना। दुनिया भर में अब भी शांति से प्रदर्शन हो रहा है। हम दिल से किसानों के साथ हैं।’
जिंदर महल ने किसान आंदोलन संबंधी एक तस्वीर पोस्ट की। उसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘इस समय 25 करोड़ से ज्यादा लोग भारत में प्रदर्शन कर रहे हैं। यह किसी भी समय का सबसे बड़ा आंदोलन है। मैं पंजाबी किसानों के साथ खड़ा हूं। वे अपने परिवार की जरूरतों पूरी करने के लिए शांतिपूर्ण ढंग से आवाजें उठा रहे हैं। उनकी बाद सुनी जानी चाहिए। यह बहुत बड़ा मुद्दा है। इसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।’