WWE लीजेंड निक्की बेला ने खुलासा किया है कि हाईस्कूल में पढ़ने के दौरान उनका दो बार रेप किया गया। उन्होंने जीवन के इस काले अतीत को अपने और जुड़वां बहन ब्री बेला द्वारा लिखित नए संस्करण ‘Incomparable’ में बयां किया है। अमेरिका की रहने वाली निक्की का असली नाम स्टेफनी निकोल गार्सिया-कोलस है। वे रिटायर्ड प्रोफेशनल रेसलर हैं।
वे WWE के रिंग में निक्की बेला के नाम से जानी जाती हैं। वे दो बार डब्ल्यूडब्ल्यूई दिवा चैंपियन रह चुकी हैं। उनके नाम सबसे ज्यादा समय तक अपने पास यह खिताब रखने का रिकॉर्ड भी है। निक्की की जुड़वां बहन ब्री भी अमेरिका में रहती हैं। वे भी रिटायर्ड प्रोफेशनल रेसलर हैं। उन्होंने एक बार ब्ल्यूडब्ल्यूई दिवा चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। ब्री का असली नाम ब्रायन मोनिक डेनियलसन है।
अपने साथ हुए दुष्कर्म की दुखद घटना को दो बार की दिवा चैंपियन ने इतने वर्षों बाद इसलिए साझा किया है, ताकि ऐसी ही पीड़ित अन्य महिलाएं उनसे प्रेरणा लेकर अपनी चुप्पी तोड़ें। 36 साल की स्टार रेसलर ने लिखा है कि वह 15 साल की थीं और हाईस्कूल की छात्रा थीं। उनके ही साथ पढ़ने वाले एक उनके साथ दुष्कर्म किया था। इस घटना से पहले वह उस लड़के को अपना दोस्त समझती थीं।
कुछ महीने बाद स्कूल के ही एक सीनियर स्टूडेंट ने निक्की के साथ दुष्कर्म किया। पीपुल मैगजीन ने निक्की के हवाले से लिखा है, ‘यह भयानक अपराध है और इसके बाद जो शर्म महसूस होती है और जो कलंक लगता है वह तो वास्तविक दर्द से भी बदतर है।’ निक्की के मुताबिक, ‘जब आपके साथ ऐसा कुछ होता है, आप ही उस पीड़ित की मानसिकता को समझ सकते हैं। गुस्सा करने के बजाय शर्म महसूस करना कितना आसान है, यह महसूस करना कितना आसान है कि आप इसे खुद रोक सकते थे।’
WWE फ्यूचर हॉल ऑफ फेमर ने स्वीकार किया कि उन्होंने खुद पर शर्म महसूस करते हुए वर्षों बिताए। उन्होंने इस दर्दनाक घटना के लिए खुद को दोषी भी ठहराया। निक्की जल्द ही डांसिंग स्टार अर्टेम चिगविंटसेव के बच्चे की मां बनने वाली हैं। निक्की ने कहा, ‘मैं उन कम उम्र की महिलाओं/लड़कियों से कहना चाहती हूं कि मुझे देखो। शायद मैं आपकी मदद कर सकती हूं। जैसा मैं इतने वर्षों तक इस घटना को छिपाए रही, वैसा आप बिल्कुल नहीं करना।’ निक्की को उम्मीद है कि इस घटना को साझा करने से दूसरों को संघर्ष करने में मदद मिल सकती है।