दक्षिण अफ्रीका की तेज गेंदबाज शबनीम इस्माइल ने महिला क्रिकेट में पहली बार 130 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार गेंद करके इतिहास रच दिया। वह महिला क्रिकेट में स्पीड रिकॉर्ड किए जाने के बाद से सबसे तेज गेंद करने वाली गेंदबाज बन गईं। इस्माइल ने मंगलवार को दिल्ली में वुमेंस प्रीमियर लीग 2024 (WPL 2024) के मैच के दौरान हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस (MI) से खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 132.1 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से गेंद फेंकी।

यह दिल्ली कैपिटल्स की पारी के तीसरे ओवर की दूसरी गेंद थी। इस्माइल ने कैपिटल्स की कप्तान मेग लैनिंग को फुल लेंथ बॉल फेंकी। गेंद उनके फ्रंट पैड पर लगी। मुंबई ने एलबीडब्ल्यू की अपील की, लेकिन इसे ठुकरा दिया गया। पारी के अंत में जब शबनीम इस्माइल से पूछा गया कि क्या उन्हें सबसे तेज गेंद के बारे में पता है, तो उन्होंने कहा, “जब मैं गेंदबाजी कर रही होती हूं तो बड़ी स्क्रीन की ओर नहीं देखती।”

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड

इस्माइल ने टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में कैपिटल्स के खिलाफ भी 128.3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से डिलीवरी दर्ज की थी। हालांकि, वह चोट के कारण मुंबई के लिए कुछ मैच नहीं खेल पाईं और मंगलवार को मैदान पर लौट आईं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड इस्माइल के नाम दर्ज है। उन्होंने 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 128 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी। 2022 वनडे वर्ल्ड कप में दो बार 127 किमी प्रति घंटे की रफ्तार को पार किया था।

इस्माइल का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा

इस्माइल ने मंगलवार को भले ही सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड बनाया, लेकिन दिल्ली के खिलाफ मैच में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। मुंबई ने फील्डिंग करने का फैसला किया तो उन्होंने गेंदबाजी की शुरुआत की। लाइन-लेंथ सही नहीं था और पैड पर गेंद फेंकी। उनके पहले दो ओवरों में 14 रन जाने के बाद शैफाली वर्मा ने तीसरे ओवर की शुरुआत में उन पर लगातार छक्के लगाए।

इस्माइल का इंटरनेशनल करियर

इस्माइल ने शैफाली को 28 रन पर कैच आउट किया। उन्होंने चार ओवरों में 46 रन देकर 1 विकेट लेकर समाप्त हुई। 35 वर्षीय इस्माइल ने साउथ अफ्रीका में टी20 वर्ल्ड के बाद कुछ महीनों बाद मई 2023 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया। 16 साल के इंटरनेशनल करियर में उन्होंने 241 मैच में 317 विकेट लिए। इसमें 127 वनडे, 113 टी20 और एक टेस्ट शामिल है। वह अब दुनिया भर की टी20 लीगों में नियमित हैं।