20 साल की ऑलराउंडर काश्वी गौतम के लिए शनिवार (नौ दिसंबर 2023) का दिन हमेशा के लिए यादगार बन गया। इस युवा फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर को महिला प्रीमियर लीग ऑक्शन में रिकॉर्ड दो करोड़ रुपए की कीमत में खरीदा गया। काश्वी सबसे महंगी अनकैप्ड खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने भारत की ही वृंदा दिनेश को पीछे छोड़ा जिन्हें इसी ऑक्शन में एक करोड़ 20 लाख रुपए में खरीदा गया था।

गुजरात जायंट्स ने काश्वी को अपने साथ जोड़ा

काश्वी का बेस प्राइस 10 लाख रुपए था। गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स के बीच इस खिलाड़ी के लिए बोलियों की लंबी लड़ाई हुई। यही कारण था कि चंद मिनटों में काश्वी की कीमत 10 लाख से दो करोड़ रुपए तक पहुंच गई। गुजरात जायंट्स के दो करोड़ की बोली के बाद यूपी वॉरियर्स ने पीछे हटने का फैसला किया।

2020 में किया था कुंबले वाला कमाल

काश्वी साल 2020 में तब चर्चा में आई थी जब उन्होंने अंडर19 वनडे ट्रॉफी में अपनी गेंदबाजी से तहलका मचा दिया था। चंडीगढ़ की कप्तानी करते हुए काश्वी ने अरुणाचल प्रदेश की टीम के सभी 10 विकेट झटके थे। इसमें एक हैट्रिक भी शामिल थी। सिर्फ यही नहीं उन्होंने बल्ले से भी टीम के लिए योगदान दिया और 49 रन बनाए।

भारत को बना चुकी हैं एशियन चैंपियन

काश्वी एसीसी एमर्जिंग एशिया कप जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थीं। उन्होंने हाल ही में बीसीसीआई सीनियर महिला इंटर जोनल टी20 ट्रॉफी में भी हैट्रिक ली थी। इस टूर्नामेंट में उन्होंने कुल 12 विकेट झटके थे। इसी कारण उन्हें इंडिया ए में जगह मिली। काश्वी पिछले सीजन में अनसोल्ड रही थी। उन्होंने तबसे अपनी रफ्तार पर काफी काम किया है। उनपर कई टैलेंट स्टाउट्स की नजरें थीं।