वर्ल्ड कप 2023 में बुधवार को अफगानिस्तान के खिलाफ न्यूजीलैंड की जीत में मिचेल सैंटनर ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 39 रन देकर 3 विकेट लिए। इस दौरान उनके वनडे क्रिकेट में 100 विकेट पूरे हुए। वह 100 विकेट लेने वाले न्यूजीलैंड के दूसरे स्पिनर बने। वहीं न्यूजीलैंड की टीम ने वर्ल्ड कप में चौथी बार 140 से ज्यादा रन से जीत दर्ज की। वर्ल्ड कप में यह उसकी दूसरी सबसे बड़ी जीत थी। अफगानिस्तान ने वर्ल्ड कप में दूसरा न्यूनतम स्कोर बनाया।

वनडे में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिनर्स

वनडे में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिनर्स में शीर्ष पर डेनियल विटोरी है। उनके नाम 305 विकेट हैं। मिचेल सैंटनर दूसरे नंबर पर हैं। उनके 102 विकेट हो गए हैं। नाथन मैकुलम 63 विकेट के साथ तीसरे और ईश सोढ़ी 61 विकेट के साथ चौथे नंबर पर है। सोढ़ी वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा हैं, लेकिन अभी तक वह एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं।

रन के हिसाब से न्यूजीलैंड की वर्ल्ड कप में बड़ी जीत

रन के हिसाब से न्यूजीलैंड ने वर्ल्ड कप में बड़ी जीत 1975 में बर्मिंघम में ईस्ट अफ्रीका के खिलाफ दर्ज की थी। 181 रन उसे जीत मिली थी। अफगानिस्तान के खिलाफ 149 रन से जीत उसकी दूसरी सबसे बड़ी जीत थी। 2007 में उसने केन्या को 148 रन से हराया था। वेस्टइंडीज को 2015 में 143 रन से हराया था।

अफगानिस्तान का वर्ल्ड कप में सबसे कम स्कोर

अफगानिस्तान का वर्ल्ड कप में सबसे कम स्कोर 125 रन हैं। 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ बर्मिंघम में वह इस स्कोर पर आउट हुए था। न्यूजीलैंड के खिलाफ वह 139 पर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2015 में 142 रन पर आउट हुआ था। 2019 में श्रीलंका के खिलाफ वह 152 रन पर आउट हुआ था।