World cup team centuries: 30 मई से इंग्लैंड और वेल्स में खेले जाने वाले क्रिकेट विश्वकप के लिए भारतीय टीम इंग्लैंड पहुंच चुकी है। इंग्लैंड के अलावा भारत को ही इस विश्वकप में फेवरिट माना जा रहा रहा है। भारत के पास इस टूर्नामेंट में सबसे अच्छी गेंदबाजी है ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि भारत तीसरी बार चैंपियन बनेगी। 2011 की विश्वकप विजेता टीम के मुकाबले भारत की इस टीम का अनुभव लगभग बराबर है। इस बात की तुलना इस टीम के खिलाड़ियों द्वारा लगाए गए शतकों के आधार पर की जा सकती है।

2011 की विश्व विजेता टीम के खिलाड़ियों के 96 शतक थे। हालांकि उस टीम में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर थे। जिन्होंने विश्व क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाए हैं। 2011 की टीम के मुकाबले 2019 की भारतीय टीम ने 92 शतक लगाए हैं। इस टीम में सबसे ज्यादा शतक कप्तान विराट कोहली के हैं। कोहली के अलावा उपकप्तान रोहित शर्मा और सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने भी वनदी में ढेरों शतक लगाए हैं। 2015 में विश्वकप खेलने वाली टीम सबसे कम अनुभवी थी। उस टीम के खिलाड़ियों के कुल शतक 49 थे।

बता दें भारतीय टीम विराट कोहली के नेतृत्व में ये विश्वकप खेलेगा। बतौर कप्तान ये कोहली का पहला विश्वकप है। वहीं खिलाड़ी के रूप में ये उनका तीसरा विश्वकप है। इस टीम में पूर्व कप्तान और अनुभवी खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी हैं। धोनी का ये चौथा विश्वकप है। धोनी की कप्तानी में भारत 2011 और 2015 का वर्ल्ड कप खेल चुकी है। साल 2011 में टीम दूसरी बार खिताब जीतने में कामयाब रही थी तो वहीं 2015 में टीम सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रही थी। इस बार भारत से एक बार फिर खताब की उम्मींदें जताई जा रहीं हैं। भारत का पहला मुकाबला 5 जून को दक्षिण अफ्रीका से होगा।