World Archery Championships: भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने 4 अगस्त 2023 को जर्मनी की राजधानी बर्लिन में इतिहास रच दिया। भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने मैक्सिको को हराकर विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत लिया। भारतीय टीम में ज्योति सुरेखा वेन्नम, अदिति स्वामी और परनीत कौर शामिल थी। भारतीय टीम ने मैक्सिको को 235-229 से हराया।
भारत ने खिताबी मुकाबले में पहुंचने से पहले सेमीफाइनल में कोलंबिया और क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे को हराया था। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत पहली बार तीरंदाजी के किसी भी वर्ग में विश्व चैंपियन बन गया। विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप की शुरुआत के बाद से 92 वर्षों में भारत ने अब तक 11 पदक (9 रजत और 2 कांस्य) जीते, लेकिन इससे पहले कोई स्वर्ण पदक नहीं जीता था।


टीम की सबसे अनुभवी तीरंदाज ज्योति सुरेखा वेन्नम ने स्वर्ण पदक जीतने के बाद कहा, यह अद्भुत है क्योंकि यह देश के लिए पहला स्वर्ण पदक था। उम्मीद है कि भविष्य में तीरंदाजी में और भी पदक मिलेंगे। ज्योति सुरेखा वेन्नम का विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में यह कुल 7वां पदक था, लेकिन पहला स्वर्ण पदक है।
विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में भारतीय पदक विजेताओं की सूची
2005: रिकर्व पुरुष टीम: रजत पदक: तरुणदीप राय, गौतम सिंह, जयंत तालुकदार।
2011: रिकर्व महिला टीम: रजत पदक: दीपिका कुमारी, लैशराम बोम्बायला देवी, चेक्रोवोलु स्वुरो।
2015: रिकर्व महिला टीम: रजत पदक: रिमिल बुरिउली, दीपिका कुमारी, लक्ष्मीरानी माझी।
2015: कंपाउंड पुरुष: रजत पदक: रजत चौहान।
2017: कंपाउंड महिला टीम: रजत पदक: त्रिशा देब, लिली चानू पौनम, ज्योति सुरेखा वेन्नम।
2019: रिकर्व पुरुष टीम: रजत पदक: अतानु दास, प्रवीण रमेश जाधव, तरुणदीप राय।
2019: कंपाउंड महिला: कांस्य पदक: ज्योति सुरेखा वेन्नम।
2019: कंपाउंड महिला टीम: कांस्य पदक: राज कौर, मुस्कान किरार, ज्योति सुरेखा वेन्नम।
2021: कंपाउंड महिला: रजत पदक: ज्योति सुरेखा वेन्नम।
2021: कंपाउंड महिला टीम: रजत पदक: प्रिया गुर्जर, मुस्कान किरार, ज्योति सुरेखा वेन्नम
2021: कंपाउंड मिश्रित टीम: रजत पदक: ज्योति सुरेखा वेन्नम, अभिषेक वर्मा।
2023: कंपाउंड महिला टीम: स्वर्ण पदक: ज्योति सुरेखा वेन्नम, अदिति स्वामी और परनीत कौर।