Who is Swastik Samal: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के पहले दिन कई बेहतरीन परफॉर्मेंस देखने को मिले। उन्हीं में से एक था ओडिशा के 25 वर्षीय बल्लेबाज स्वास्तिक समल का दोहरा शतक। स्वास्तिक समल ने 212 रन की पारी खेलते हुए इस टूर्नामेंट के इतिहास का संयुक्त रूप से चौथा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया। हाल ही में अबुधाबी में हुए आईपीएल 2026 के ऑक्शन में स्वास्तिक अनसोल्ड थे।
कर्नाटक ने 413 रन चेज कर दिलाई साउथ अफ्रीका की याद, ये हैं सबसे बड़े वनडे चेज
कौन हैं स्वास्तिक समल?
स्वास्तिक समल दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और लेग ब्रेक गेंदबाजी करते हैं। उनका जन्म ओडिशा के कोरापुट में 27 जुलाई 2000 को हुआ था। उनका पूरा नाम स्वास्कित पीयूष प्रकाश समल है। उन्होंने 2018-19 (24 फरवरी 19) में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से घरेलू क्रिकेट में एंट्री की थी। फिर अक्टूबर 2019 में उन्हें विजय हजारे ट्रॉफी के जरिए लिस्ट ए डेब्यू का मौका मिला।
स्वास्तिक ने 2022 में रणजी खेलते हुए अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया। स्वास्तिक ने इस साल आईपीएल 2026 ऑक्शन से पहले अपना नाम रजिस्टर करवाया था। उनका नाम ऑक्शन में आया भी था लेकिन किसी भी टीम ने उनके ऊपर बोली नहीं लगाई थी। अब स्वास्तिक ने अपनी दावेदारी ठोकी है और अगले सीजन के लिए टीमों का ध्यान जरूर खींचा होगा।
कैसे हैं स्वास्तिक समल के आंकड़े?
स्वास्तिक समल ने सौराष्ट्र के खिलाफ 212 रन बनाकर विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का बेहतरीन आगाज किया। इससे पहले रणजी ट्रॉफी 2025 में भी उन्होंने नागालैंड के खिलाफ 169 रन की पारी खेली थी। उसके अलावा उनके बल्ले से इस रेड बॉल टूर्नामेंट में कई शानदार अर्धशतकीय पारियां भी निकली थीं।
उन्होंने अभी तक अपने करियर में 21 फर्स्ट क्लास पारियों में 686 रन बनाए हैं जिसमें 2 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं। उनका उच्चतम स्कोर 169 रन है। वहीं लिस्ट ए में 11 पारियों में वह 521 रन बना चुके हैं और यह उनका पहला शतक भी था। इससे पहले तीन अर्धशतक उनके बल्ले से निकले थे। टी20 में स्वास्तिक 13 पारियों में 362 रन एक शतक और दो अर्धशतक के साथ लगा चुके हैं।
स्वास्तिक ने की संजू सैमसन की बराबरी
स्वास्तिक समल का 212 रन का स्कोर विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में संयुक्त रूप से चौथा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। उन्होंने संजू सैमसन की बराबरी की है। संजू सैमसन ने भी 2019 में गोवा के खिलाफ 129 गेंद पर नाबाद 212 रन की पारी खेली थी। अब इस पारी के साथ स्वास्तिक की टॉप 5 सबसे बड़े स्कोर बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में एंट्री हो गई है।
विजय हजारे ट्रॉफी में 5 सबसे बड़े स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज
| खिलाड़ी का नाम | रन | गेंदें | विपक्षी टीम | दिनांक |
| एन जगदीशन | 277 | 141 | अरुणाचल प्रदेश | 21 नवंबर 2022 |
| पृथ्वी शॉ | 227* | 152 | पुडुचेरी | 25 फरवरी 2021 |
| ऋतुराज गायकवाड़ | 220* | 159 | उत्तर प्रदेश | 28 नवंबर 2022 |
| स्वास्तिक समल | 212 | 169 | सौराष्ट्र | 24 दिसंबर 2025 |
| संजू सैमसन | 212* | 129 | गोवा | 12 अक्टूबर 2019 |
