भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी कुछ भी करते हैं तो वह लाइमलाइट में होते हैं। उनका कद इतना बड़ा है कि उनकी हर एक छोटी से छोटी गतिविधि के बारे में लोग जानना चाहते हैं। महेंद्र सिंह धोनी के चाहने वालों को यह पता होगा कि उनका पहला प्यार क्रिकेट है। वह हमेशा अपने खेल से देश के खेल प्रेमियों को खुश करना चाहते हैं और भारत को जश्न मनाने का मौका देना चाहते हैं। महेंद्र सिंह धोनी के लिए देश सेवा पहले स्थान पर रहती है। उनका दूसरा प्यार है उनका परिवार, पत्नी साक्षी और बेटी जीवा। हम भारतीय सेना और सैनिकों के प्रति धोनी के लगाव को नहीं भूल सकते।
इन सबके बीच महेंद्र सिंह धोनी अपने बाइक प्रेम के लिए भी जाने ही जाते हैं। उनके पास दर्जनों की संख्या में सुपरबाइक्स और महंगी कारें हैं। ये तो महेंद्र सिंह धोनी की ऐसी चहेती चीजें है जिसके बारे में सबको पता है। क्या आपको पता है एमएस धोनी को कुत्तों से बहुत प्यार है। उन्होंने अपने घर में कई नस्ल के कुत्ते पाल रखे हैं। धोनी जब फुर्सत में होते हैं तो अपना समय घर पर बिताते हैं और अपने पेट डॉग्स के साथ मस्ती भी करते हैं। माही ने कुछ दिनों पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर की थी, जिसमें वो अपनी बेटी जीवा के साथ घुटनों के बल चलते हुए नज़र आ रहे थे।
अब एमएस धोनी ने इंस्टाग्राम पर ही एक और वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में धोनी अपने पालतू डॉग्स के साथ मस्ती करते हुए नज़र आ रहे हैं। इस वीडियो में धोनी तीन कुत्तों को ट्रेनिंग देते हुए नज़र आ रहे हैं। वह अपने घर की छत पर एक गेंद के साथ इन पालतू डॉग्स को ट्रेनिंग दे रहे हैं। धोनी कुत्तों को गेंद को देखने की ट्रेनिंग दे रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि एमएस धोनी पहले गेंद को फेंकते हैं और कुत्ते उसकी ओर दौड़ते हैं। फिर धोनी गेंद को सिर्फ फेंकने का बहाना करते हैं, पहले कुत्ते उनके हाथ के इशारे को देखकर उस ओर दौड़ते हैं, लेकिन अगली बार वे धोनी के ट्रिक को समझ जाते हैं और गेंद जब हाथ से छूटती है तभी उस ओर दौड़ते हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने अपने कुत्तों के बारे में एक बार कहा था, ‘घर पर मेरे पास तीन कुत्ते हैं। मैं चाहें सीरीज जीतूं या हारूं उनका व्यवहार हमेशा मेरे प्रति एक जैसा ही रहता है।’
