हॉकी इंडिया ने आधिकारिक तौर पर महिला हॉकी की सबसे मशहूर हस्तियों में से एक रानी रामपाल के सम्मान में जर्सी नंबर 28 को रिटायर कर दिया है। यह घोषणा तब की गई जब 24 अक्टूबर 2024 को रानी रामपाल ने खेल से संन्यास की घोषणा की। जनसत्ता.कॉम ने 14 अक्टूबर 2024 को ही अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी थी कि रानी रामपाल दिल्ली में होने वाले भारत बनाम जर्मनी मैच के दौरान अपने संन्यास का ऐलान करेंगी।

हॉकी इंडिया ने 14 अगस्त 2024 को भारतीय टीम के पूर्व गोलकीपर पीआर श्रीजेश की जर्सी नंबर 16 को रिटायर कर दिया था। गरीबी और रुढ़िवादी समाज की वर्जनाओं को तोड़ते हुए उदीयमान खिलाड़ियों के लिये प्रेरणास्रोत बनीं भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल ने 16 साल के सुनहरे करियर पर विराम लगाते हुए गुरुवार 24 अक्टूबर 2024 को खेल को अलविदा कह दिया।

रानी की जर्सी नंबर 28 इतिहास में दर्ज

हॉकी इंडिया के आधिकारिक एक्स हैंडल ने कैप्शन के साथ 19 सेकंड का एक वीडियो शेयर किया। वीडियो के कैप्शन में लिखा, ‘रानी रामपाल की 28 नंबर की जर्सी हमेशा के लिए इतिहास में दर्ज हो जाएगी, यह उनके शानदार करियर के लिए एक भेंट है।’ रानी रामपाल की अगुआई में भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2021 में टोक्यो ओलंपिक में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया था।

नई दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम पर भारत और जर्मनी पुरुष टीमों के बीच मैच के बाद रानी के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में हॉकी इंडिया ने उनकी जर्सी नंबर 28 को रिटायर करने का फैसला किया। उन्हें हॉकी इंडिया ने दस लाख रुपये का चेक भी प्रदान किया। इस 29 वर्षीय दिग्गज फॉरवर्ड ने 2008 में ओलंपिक क्वालिफायर में 14 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पदार्पण किया था।

254 मैच में किए थे 205 गोल

रानी रामपाल ने अपने करियर के दौरान भारत के लिए 254 मैच में 205 गोल किए। उन्होंने ओलंपिक में दो बार देश का प्रतिनिधित्व किया। रानी को साल 2020 में मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें उसी साल देश का चौथा सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्मश्री मिला।

Rani Rampal,India hockey,Indian hockey,Sports News,Hockey India
नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में गुरुवार 24 अक्टूबर 2024 को पेशेवर खेल से संन्यास की घोषणा करने के बाद परिवार के सदस्यों के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल। (पीटीआई फोटो)
Rani Rampal,India hockey,Indian hockey,Sports News,Hockey India
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया और जर्मन मंत्री रॉबर्ट हेबेक ने गुरुवार 24 अक्टूबर 2024 को नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल को सम्मानित किया। (पीटीआई फोटो)

रानी रामपाल को हाल ही में सब जूनियर महिला टीम का राष्ट्रीय कोच नियक्त किया गया था। वह हॉकी इंडिया लीग (Hockey India League) में भी दिखेंगी। सूरमा क्लब ने उन्हें बतौर मेंटर और हॉकी कोच अपने साथ जोड़ा है।