बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने एक बॉलीवुड न्यूज साइट/पब्लिकेशन और एक फोटोग्राफर पर उनकी प्राइवेसी (निजता/गोपनीयता) भंग करने का आरोप लगाया है। इस न्यूज साइट ने अनुष्का की उनके पति विराट कोहली के साथ उनके निजी पलों की एक तस्वीर प्रकाशित की थी। न्यूज साइट अनुष्का और विराट कोहली की उनके मुंबई स्थित घर की बालकनी में बैठे हुई एक तस्वीर प्रकाशित की थी। प्रकाशन ने फोटो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक कैप्शन के साथ पोस्ट किया था। इसमें तस्वीर लेने वाले फोटोग्राफर के नाम का भी जिक्र था।
न्यूज वेबसाइट ने फोटो को अपना एक्सक्लूसिव कंटेंट बताते हुए वॉटरमार्क भी किया था। यह न्यूज देखने के बाद अनुष्का फोटोग्राफर और न्यूज वेबसाइट/पब्लिकेशन पर भड़क गईं। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इसे साझा कर अपना गुस्सा निकाला। अनुष्का के मुताबिक, उन्होंने (विराट और अनुष्का) उक्त पब्लिकेशन और फोटोग्राफर से अनुरोध किया था कि वे उनकी तस्वीरें नहीं खींचें और उनकी प्राइवेसी बनी रहने दें। लेकिन उन्होंने ऐसा करना जारी रखा। अनुष्का के मुताबिक, उस पब्लिकेशन और फोटोग्राफर के ऐसा करने से उनकी शांति में खलल पड़ा है।
अनुष्का ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर उस फोटो का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, ‘उस फोटोग्राफर और प्रकाशन से अनुरोध करने के बावजूद, वे अब भी हमारी प्राइवेसी पर आक्रमण कर रहे हैं। दोस्तों! अब इसे बंद करो!’

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली की एक्ट्रेस वाइफ अनुष्का शर्मा इस महीने मां बनने वाली हैं। ऐसे समय अनुष्का के साथ रहने के लिए विराट कोहली ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से पैरेंटल लीव (पितृत्व अवकाश) ली है।
अनुष्का ने हाल ही में मैगजीन वोग को एक इंटरव्यू दिया था। इसमें उन्होंने अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि वह विराट के साथ अपने बच्चे के परवरिश की किस तरह से योजना बना रही हैं।
उन्होंने कहा था, ‘कोरोनावायरस की महामारी उनके लिए एक अनोखा आशीर्वाद रहा, क्योंकि विराट उनके पास थे और वे इसे सीक्रेट (प्रेग्नेंसी की बात) रख सकते थे। हम सिर्फ डॉक्टर के क्लिनिक पर जाते थे। सड़कों पर कोई भी नहीं होता था, इसलिए हमें देखा नहीं जा सकता था।’