मशहूर मैगजीन ‘द क्रिकेटर’ (The Cricketer) ने विराट कोहली (Virat Kohli) को इस दशक का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना है। मैगजीन ने पिछले 10 वर्षों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 50 क्रिकेटरों की एक सूची तैयार की है। उसने इस सूची में पुरुष और महिला दोनों क्रिकेटरों को शामिल किया है। सूची में शीर्ष स्थान पर पिछले कुछ साल से क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में समान रूप से दबदबा बनाए रखने वाले भारतीय कप्तान विराट कोहली को रखा गया है। इस सूची में विराट के अलावा 5 अन्य भारतीय भी अपनी जगह बनाने में सफल हुए हैं।
सूची में ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन 14वें नंबर पर हैं। वहीं वनडे में 3 दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज रोहित शर्मा 15वें नंबर पर हैं। अपनी अगुआई में टीम इंडिया को 2-2 बार वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले महेंद्र सिंह धोनी को 35वें नंबर पर रखा गया है। ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा 36वें नंबर पर हैं। भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने वाली दिग्गज बल्लेबाज मिताली राज का नाम 40वें नंबर पर है।
मैगजीन ने विराट कोहली के बारे में लिखा है, ‘दशक के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के लिए भारतीय कप्तान सर्वसम्मत चयन था। विराट कोहली ने इस दशक में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी भी अन्य खिलाड़ी की तुलना में सबसे ज्यादा 20,960 रन बनाए।’ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला दूसरे नंबर पर हैं। हालांकि, उनके और विराट कोहली के रनों का अंतर 5000 से भी ज्यादा का है।
सचिन तेंदुलकर ने इसी दशक में 100 शतकों का इतिहास रचा और फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। इसमें लिखा गया है, ‘सचिन तेंदुलकर ने 2013 में जब 100 शतकों के रिकॉर्ड के साथ संन्यास लिया तो कहा जाने लगा कि कोई उनकी बराबरी नहीं कर पाएगा लेकिन अब कोहली दूसरे नंबर पर काबिज रिकी पोंटिंग से सिर्फ एक सेंचुरी पीछे हैं। कोहली के नाम 70 अंतरराष्ट्रीय शतक हैं।’
सूची में शामिल टॉप-20 क्रिकेटरों की बात करें तो सबसे ज्यादा 5 खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के हैं। भारत, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के 3-3 क्रिकेटर हैं। न्यूजीलैंड और श्रीलंका के 2-2 खिलाड़ी जगह बनाने में सफल रहे हैं। वहीं बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के 1-1 खिलाड़ी को चुना गया है।
दशक के टॉप-20 क्रिकेटर
| क्रिकेटर | देश |
| विराट कोहली | भारत |
| जेम्स एंडरसन | इंग्लैंड |
| एलिस पेरी | ऑस्ट्रेलिया |
| स्टीव स्मिथ | ऑस्ट्रेलिया |
| हाशिम अमला | दक्षिण अफ्रीका |
| केन विलियम्सन | न्यूजीलैंड |
| एबी डिविलियर्स | दक्षिण अफ्रीका |
| कुमार संगकारा | श्रीलंका |
| डेविड वॉर्नर | ऑस्ट्रेलिया |
| डेल स्टेन | दक्षिण अफ्रीका |
| मेग लैनिंग | ऑस्ट्रेलिया |
| मिशेल स्टॉर्क | ऑस्ट्रेलिया |
| सर एलिस्टर कुक | इंग्लैंड |
| रविचंद्रन अश्विन | भारत |
| रोहित शर्मा | भारत |
| स्टुअर्ड ब्रॉड | इंग्लैंड |
| लसिथ मलिंगा | श्रीलंका |
| ट्रेंट बोल्ट | न्यूजीलैंड |
| स्टेफनी टेलर | वेस्टइंडीज |
| शाकिब अल हसन | बांग्लादेश |
