रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को केकेआर के खिलाफ रविवार को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। आरसीबी की यह टूर्नामेंट में पांचवीं हार है। अब यहां से प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए टीम को लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा। इस मैच में आरसीबी के कप्तान विराट कोहली ने शानदार अर्धशतक लगाया। विराट ने टीम के लिए नाबाद 68 रन बनाए। कोहली को सपोर्ट करने अनुष्का शर्मा स्टेडियम में मौजूद थीं। विराट कोहली ने जैसे ही अपना अर्धशतक पूरा किया, अनुष्का ने फ्लाइंग किस देकर उन्हें अपना प्यार जताया। इसके बाद कोहली ने भी अनुष्का की तरफ बल्ला दिखाकर अर्धशतक का जश्न मनाया। विराट के हर शॉट्स पर अनुष्का तालियां बजाती नजर आईं। इस मैच तो देखने के लिए अनुष्का व्हाइट कलर के टॉप में पहुंचीं थीं। बता दें कि विराट के अलावा टीम के लिए ब्रैंडन मैक्कलम ने 38 रनों की बेहद उपयोगी पारी खेली। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बेंगलुरु के ओपनरों मैक्कलम और क्विंटन डी कॉक (29) ने 8.1 ओवर में पहले विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की।

कुलदीप यादव ने डी कॉक को शुभमन गिल के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी का अंत किया। डी कॉक ने 27 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाया। डी काक के आउट होने के बाद मैक्कल भी 28 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के लगाकर आंद्र रसेल की गेंद पर विकेटकीपर दिनेश कार्तिक को कैच दे बैठे। रसेल ने अगली ही गेंद पर मनन वोहरा (0) को अपना दूसरा शिकार बनाया। हालांकि, विराट ने एक छोर संभाले रखा और उन्होंने मंदीप सिंह (19) के साथ चौथे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की। मंदीप 14 गेंदों पर दो छक्के लगाए। उन्हें रसेल ने अपना तीसरा शिकार बनाया।

विराट ने इसके बाद कोलिन डी ग्रैंडहोम (नाबाद 11) के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 रन की अविजित साझेदारी कर बेंगलुरु को चार विकेट पर 175 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। विराट ने 44 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्के लगाए। बेंगलुरु ने आखिरी पांच ओवरों में 66 रन जोड़े। कोलकाता के लिए आंद्रे रसेल ने 31 रन पर तीन विकेट तीन और कुलदीप यादव ने 20 रन पर एक विकेट झटके।