कप्तान विराट कोहली और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पिछले काफी समय से भारतीय टीम की पहचान बन चुके हैं। लेकिन आगामी श्रीलंका दौरे पर ये दोनों ही धुरंधर नहीं खेलेंगे। ऐसा लगभग 3 साल के बाद हो रहा है, जब कप्तान विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं। इससे पहले साल 2015 में हुए जिम्बाब्वे दौरे पर ये दोनों खिलाड़ी नहीं खेले थे। हालांकि, पिछले श्रीलंका दौरे पर भी विराट कोहली टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन तब महेंद्र सिंह धोनी टीम में शामिल थे।
Nidahas Trophy 2018 का नहीं होंगे हिस्सा
बता दें कि दक्षिण अफ्रीका के सफल दौरे के बाद भारतीय क्रिकेट टीम को श्रीलंका का दौरा करना है। इस दौरे पर भारतीय टीम Nidahas Trophy 2018 त्रिकोणीय टी20 क्रिकेट सीरीज में हिस्सा लेगी। इस सीरीज में भारत और श्रीलंका के साथ तीसरी टीम बांग्लादेश की होगी। इस दौरे के लिए भारतीय कप्तान विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी, हार्दिक पंड्या, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है। भारतीय चयनकर्ता एमएसके प्रसाद का कहना है, “आगामी अहम दौरों और टाइट शेड्यूल को देखते हुए श्रीलंका दौरे के लिए टीम का चयन किया गया है। हाई परफॉर्मेंस टीम के सुझाव पर तेज गेंदबाजों को आराम दिया गया है।”
गौरतलब है कि जल्द ही आईपीएल का 11वां सीजन शुरु होने वाला है। उसके बाद भारतीय टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच खेलना है। अफगानिस्तान के बाद भारतीय टीम को आयरलैंड और फिर इंग्लैंड का भी दौरा करना है।
रोहित शर्मा को मिली कमान
नियमित कप्तान विराट कोहली की गैरमौजूदगी में रोहित शर्मा को टीम की कमान दी गई है। वहीं, शिखर धवन को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया है। टीम इस प्रकार है-
रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन (उपकप्तान), केएल राहुल, सुरेश रैना, मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, वॉशिंगटन सुंदर, यजुवेन्द्र चहल, अक्षर पटेल, विजय शंकर, शार्दुल ठाकुर, जयदेव उनादकट, मोहम्मद सिराज, ऋषभ पंत (विकेटकीपर)

