पूर्व भारतीय रेसलर विनेश फोगाट जब से पेरिस से लौटी हैं तभी से उनके लिए अलग-अलग जगह सम्मान समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। विनेश फोगाट लोगों का प्यार देखकर मेडल गंवाने का दुख भूलने की कोशिश कर रही है। इस बीच उनसे जब रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष संजय सिंह को लेकर सवाल किया गया तो वह भड़क गई। साथ ही साथ विनेश ने बताया कि वह मानसिक तौर पर कितना परेशान है।
सम्मान समारोह में हिस्सा लेने पहुंची थीं विनेश
विनेश सोमवार को एक समारोह में हिस्सा लेने झज्जर पहुंची थीं। इस दौरान उनसे रेसलिंग के भविष्य को लेकर सवाल किया गया। इसी दौरान उनसे संजय सिंह के पहलवानों को लेकर दिए गए बयान पर भी सवाल किया गया। संजय सिंह का नाम सुनते ही विनेश के चेहरे के हाव-भाव बदल गए।
संजय सिंह का नाम सुनकर भड़की विनेश
गुस्से में पत्रकार से विनेश ने कहा, ‘माफ कीजिए सर, आप मुझसे विवादित सवाल मत पूछिए। कौन है संजय सिंह। मैं नहीं जानती कौन है। आपको यहां किसने भेजा है। यहां इतना अच्छा प्रोग्राम चल रहा है, आप क्यों विवाद करने वाले सवाल पूछ रहे हैं। शुक्रिया।’
संजय सिंह ने कुछ समय पहले विनेश को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने इस पहलवान के संन्यास पर कहा, ‘अगर विनेश को शुद्ध रूप से कुश्ती खेलनी है, तो उन्हें संन्यास के अपने निर्णय पर एक बार पुनर्विचार करना चाहिए। उनसे प्रेरणा लेकर महिला पहलवानों की हमारी नई पीढ़ी आगे बढ़ेगी।’ इसके आगे उन्होंने कहा, , ‘जिस हिसाब से विनेश आजकल राजनीतिक मंच साझा कर रही हैं, ऐसे में अगर उन्हें भविष्य में राजनीति ही करनी है, तो फिर उन्हें कुश्ती में राजनीति नहीं करनी चाहिए।’
विनेश फोगाट ने राजनीतिक डेब्यू पर भी कही बड़ी बात
इस के फौरन बाद विनेश ने राजनीति क डेब्यू को लेकर भी सवाल किया गया। कॉमनवेल्थ चैंपियन ने जवाब देते हुए कहा, ‘देखो मुझे नहीं पता राजनीति में क्या होगा, क्या नहीं। लोग क्या उम्मीद लगा रहे हैं। मेरे अपने लोग क्या कह रहे हैं, वह मेरे लिए अहम है। मेरा शरीर ठीक है लेकिन मेरा मेंटल स्टेट हिला हुआ है।’ विनेश से जब खेल और राजनीति में एक को चुनने को कहा गया तो उन्होंने सवाल करने वाले से ही सलाह मांग ली। विनेश ने कहा, ‘आप ही बात दीजिए क्या करूं।’ पत्रकार ने कहा दोनो ही सही है, इसपर विनेश ने हंसते हुए कहा, ‘तो दोनों कर लेंगे।’