भारतीय रेसलर विनेश फोगाट ने पेरिस ओलंपिक से खाली हाथ लौटने के बाद राजनीतिक पारी की शुरुआत कर चुकी हैं। जंतर-मंतर पर धरने पर उनके साथ बैठने वाली ओलंपिक मेडलिस्ट साक्षी मलिक ने भी अब नई पारी शुरू कर दी है। हालांकि वह राजनीति में नहीं बल्कि खेल की दुनिया में ही काम करने वाली हैं। साक्षी मलिक ने कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट गीता फोगाट और ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट अमन सेहरावत के साथ मिलकर रेसलिंग लीग का ऐलान किया है।

साक्षी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इस लीग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘प्रिय देशवासियों, हमारे गांव और समुदायों ने हमें पाला-पोसा, लेकिन पूरे राष्ट्र ने हमें चैंपियन बनाने में एकजुट होकर मदद की। तिरंगे के लिए लड़ने से बड़ा कोई सम्मान नहीं हो सकता है, और आपके प्यार और प्रेरणा से यह संभव हो सका। हम आपके प्रति आभारी हैं और अपने सार्वजनिक एवं निजी सहयोगियों के भी योगदान के लिए धन्यवाद करते हैं। हम विशेष रूप से सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता और समर्थन के लिए आभारी हैं।’

साक्षी ने बताया कि यह एक विश्व स्तर की लीग होगी। साक्षी ने लिखा, ‘आपके विश्वास का एकमात्र उत्तर यही है कि हम अपनी खेल प्रतिभा, अनुभव, दृढ़ता और सफलता को खेल की सेवा में समर्पित करें। हम तीनों ने इसलिए कुश्ती चैंपियंस सुपर लीग (WCSL) का गठन किया है। WCSL, एक विश्व स्तरीय अंतरराष्ट्रीय लीग है, जो हमारे पहलवानों को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा कर वैश्विक खेल में अपनी पहचान बनाने के लिए कौशल और ताकत प्रदान करेगी। यह एक अत्यधिक प्रतिस्पर्धी, विशेषज्ञों द्वारा संचालित वातावरण में सर्वश्रेष्ठ समर्थन प्रणालियों के साथ किया जाएगा। हमें खुशी है कि अमन हमारे विज़न को शेयर करते हैं और इस यात्रा में हमारे साथ जुड़े हैं।’

साक्षी ने पोस्ट में अमन सेहरावत का बयान भी शामिल किया। साक्षी ने अमन के हवाले से लिखा, ‘यह लीग एक बहुत प्रशंसनीय पहल है जो भारतीय कुश्ती के लिए बहुत फायदेमंद होगी, इसलिए मैं इसका हिस्सा बनना चाहता हूं और पूरी तरह से इसका समर्थन करता हूँ।’ हम भारतीय कुश्ती के इस चमकते सितारे के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं।’

साक्षी ने आगे लिखा, ‘कुश्ती में भारतीय खेलों की सबसे प्रेरक कहानियों में से कुछ की वीरता, गौरव और समुदाय की भावना निहित है। WCSL के माध्यम से हम उन कहानियों को भी जीवंत करेंगे! हालांकि WCSL का ध्यान कुश्ती पर है, लेकिन यह हमारी भारतीय खेलों में निरंतर उच्च प्रदर्शन की संस्कृति को विकसित करने और हर भारतीय को खेल की खुशी का अनुभव कराने की तीव्र इच्छा से प्रेरित है। यद्यपि WCSL की स्थापना हम दोनों द्वारा की गई है, यह एक राष्ट्रीय मिशन है जो सभी हितधारकों के साथ निकट सहयोग में सम्मानपूर्वक काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। जीतना, आखिरकार, एक टीम खेल है। हमारा दिल केवल भारत के लिए, भारतीय कुश्ती के लिए और भारतीय खेलों के लिए धड़कता है। आइए, एक साथ मिलकर अपने सपनों का खेल भारत बनाएं!’