भारतीय रेसलर विनेश फोगाट भारत लौट चुकी हैं। पेरिस ओलंपिक में गोल्ड मेडल मैच से पहले डिस्क्वालिफाई होने के बाद विनेश मानसिक तौर पर बहुत टूट गई थीं। दिल्ली लौटने पर एयरपोर्ट पर विनेश का शानदार स्वागत हुआ। लोग उनके नाम के जयकारे लगा रहे थे। यहां विनेश से संन्यास से वापसी करने की बात भी कही। विनेश के पति सोमवीर राठी ने कहा कि अब वापसी बहुत मुश्किल है।
भावुक होकर नहीं सोच समझकर लिया फैसला
सोमवीर विनेश फोगाट के साथ पेरिस में थे। वह उन्हीं के साथ लौटे। पत्नी के संन्यास पर उन्होंने कहा, ‘विनेश के अंदर बहुत खेल बाकी है। यह मैं जानता हूं। यह हमारा आखिरी ओलंपिक नहीं है। उसका सपना था कि वह 2032 तक खेले। और वह क्यों न खेले। जब तक खिलाड़ी फिट है उसे खेलना चाहिए। लेकिन उस रात हमने बहुत सोचा। ऐसा नहीं है कि विनेश ने भावुक होकर यह फैसला किया है। वह सोच समझ कर लिया गया फैसला है।’
विनेश को नहीं मिला किसी का साथ
रेसलर सोमवीर राठी ने कहा, ‘हमने उस रात सोचा कि फेडरेशन हमारे साथ नहीं है, कोई हमारे साथ नहीं। हम किसके लिए खेलेंगे। खिलाड़ी को बैक सपोर्ट मिलता है वह हमारे पास नहीं है। एक अकेला आदमी खिलाड़ी नहीं बनता। उसे हर जगह साथ की जरूर पड़ती है। फेडरेशन की जरूरत पड़ेगी, सरकार की जरूरत पड़ेगी। दो साल से क्या चल रहा है, वह सभी ने देख लिया है। विनेश के लिए बहुत मुश्किल है। आपको हर जगह हर जगह टक्कर मारनी पड़ती है। कहां तक टक्कर मारेंगे। जितना उसने किया, उतना ही था हमारे लिए नहीं है।’
किसी के कहने पर नहीं पलटेंगे फैसला
भारत के लिए रेसलिंग कर चुके सोमवीर ने बताया कि जो लोग चाहते हैं कि वह रेसलिंग से वापसी करे वह उन सभी को इस फैसले का कारण बताएंगे। सोमवीर ने कहा, ‘अभी हमने किसी को नहीं बताया कि हमने गेम छोड़ने का फैसला किया है। फिलहाल सबको लग रहा है कि भावनाओं में बहकर फैसला किया। हम जब उन्हें समझाएंगे, तो वह समझ जाएंगे कि हमारे इस फैसले के पीछे का क्या कारण है।’
छह अगस्त की रात
सोमवीर ने छह अगस्त की रात के हालात भी बयां किए। उन्होंने कहा, ‘उस समय हम बस यही सोच रहे थे कि कैसे भी करके वेट कर करें। देश का मेडल पक्का हो जाए। विनेश सबकुछ करने को तैयार थी। जो लोग वहां थे उन्होंने सबकुछ किया। किसी ओर से कोई कमी नहीं रही। वह रात में बयां नहीं कर सकता। ‘