युजवेंद्र चहल की पत्नी धनश्री वर्मा की राजस्थान रॉयल्स के बॉयो-बबल में एंट्री हुई है। धनश्री वर्मा अपने डांस वीडियोज को लेकर भी चर्चा में रहती हैं। इसकी झलक राजस्थान रॉयल्स के बॉयो-बबल में भी देखने को मिली। राजस्थान रॉयल्स ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में धनश्री वर्मा राजस्थान रॉयल्स के ऑलराउंडर रियान पराग के साथ बिहू डांस करती दिख रही हैं।

वीडियो में रियान पराग बताते हैं कि धनश्री बॉयो-बबल में प्रवेश कर चुकी हैं। रियान पराग धनश्री से मिलने पहुंचते हैं। धनश्री पहले से ही मसक्कली पर डांस कर रही होती हैं। रियान उन्हें एक शॉल देते हैं। इसके बाद रियान और धनश्री असम के पारंपरिक नृत्य बिहू पर थिरकते हैं।

बोहाग बिहू असम का एक पर्व है। यह इस साल 14 अप्रैल 2022 को मनाया गया। असम के लोग इस पर्व को साल के पहले दिन के रूप में मनाते हैं। इस उत्सव में यहां के लोग मस्ती करते हैं और पारंपरिक नृत्य बिहू पर थिरकते हैं। इसी के चलते रियान पराग और धनश्री ने भी बिहू डांस किया।

राजस्थान रॉयल्स ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर एक तस्वीर भी शेयर की है। उस तस्वीर में युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal), धनश्री वर्मा (Dhanashree Verma) के साथ साउथ अफ्रीका के क्रिकेटर रॉसी वैन डेर डूसेन (Rassie van der Dussen) और उनकी पत्नी लारा वैन डेर डूसेन (Lara van der Dussen) भी दिखाई दे रही हैं। लारा का इंस्टाग्राम प्रोफाइल देखने पर पता चला है कि वह गणित की अध्यापिका हैं। धनश्री की तरह वह भी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं।

धनश्री वर्मा ने कुछ दिन पहले एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह नाइजीरियाई सिंगर और रैपर डिवाइन इकुबोरो (Divine Ikubor) के कॉम डॉउन ( Calm Down) एल्बम के गाने पर डांस करती दिख रही हैं। उस वीडियो के कैप्शन में धनश्री ने लिखा था, ‘आग के बीच से चली, ‘तूफानों में डांस किया। मैं एक वाइब (अनुभूति) हूं। क्या उन्होंने आपको पहले नहीं बताया था?’

धनश्री का वह वीडियो थोड़ी देर में ही वायरल हो गया था। उस वीडियो पर लाखों लाइक्स आए थे। युजवेंद्र चहल ने भी कमेंट किया था। चहल ने लिखा था, ‘न्यूक्लियर बम।’ धनश्री ने भी पति के कमेंट का जवाब दिया है। धनश्री ने लिखा, ‘बेशक।’