आपने युवराज सिंह को एक ही ओवर में 6 छक्के लगाते जरूर देखा होगा मगर क्या आपको 1982 में खेले गए मैच में संदीप पाटिल की वो बल्लेबाजी याद है जब उन्होंने एक ही ओवर में 6 चौके जड़ डाले थे। ये टेस्ट मैच मैनचेस्टर में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा था। पहली पारी में इंग्लैंड की तरफ से ज्योफ मिलर (98) और इयान बॉथम (128) की शानदार पारी की बदौलत 425 रन बनाए। भारत की ओर से दिलीप दोषी ने 102 रन देकर सर्वाधिक 6 विकेट चटकाए।
इसके जवाब में भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज 25 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। हालांकि सैय्यद किरमानी (58) और गुंडप्पा विश्वनाथ (54) ने जरूर साहसिक पारी खेली मगर ये भारत के लिए नाकाफी थी। उनके आउट होने के बाद संदीप पाटिल मैदान पर उतरे और बना डाला ये खास रिकॉर्ड।
पाटिल ने बॉब विलिस के एक ओवर में छह चौके ठोक दिए। हालांकि उस ओवर की तीसरी गेंद नो बॉल थी। पाटिल ने अपनी उस पारी में 196 गेंदों का सामना किया, जिसमें 2 छक्के और 18 चौकों की मदद से शानदार 129 रन बना टीम को सम्मानजनक स्कोर (379/8) तक पहुंचाया।
हालांकि ये मैच ड्रॉ रहा। मगर पाटिल ने ऐसा एतिहासिक ओवर खेला, जिसे इतिहास आज 35 साल बाद भी नहीं भुला सके। उनके अलावा क्रिस गेल (2004), रामनरेश सरवन (2006) और सनथ जयसूर्या (2007) ने भी ये कारनामा किया।
बता दें कि 18 अगस्त यानी आज ही के दिन 1956 में संदीप पाटिल का जन्म मुंबई में हुआ था। इस खिलाड़ी ने 29 टेस्ट मैचों की 47 पारियों में 1588 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 174 के सर्वाधिक स्कोर के साथ 4 शतक और 7 अर्धशतक भी जड़े। वहीं बात अगर वनडे की करें तो 45 मैचों में उन्होंने 9 अर्धशतक की मदद से 1005 रन बनाए।