क्रिकेट खतरों से भरा खेल है। इसमें खिलाड़ी अपनी या सामने वाले की गलती से गंभीर रूप से चोटिल होते कई बार देखा गया है। ऐसा ही कुछ भारत-श्रीलंका मैच के दौरान भी घटित हो सकता था। एक पल ऐसा आया जब अंपायर रोड टकर की जान बाल-बाल बची। ये वाकया दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन का है। जब भारत 6 विकेट खोकर 480 रन बना चुका था। स्ट्राइक पर हार्दिक पांड्या मौजूद थे। वहीं नॉन स्ट्राइकिंग एंड पर थे रिद्धिमान साहा।
पांड्या 6 रन बनाकर खेल रहे थे। तभी उन्हें गेंदबाज पुष्पकुमारा ने बॉल फेंकी। हार्दिक ने इसे सीधे बल्ले के साथ खेला। गेंद डायरेक्ट अंपायर की दिशा में गई। वो तो शुक्र है कि रोड टकर ने मौका रहते खुद को गेंद की लाइन से हटा लिया। वर्ना वो गंभीर रूप से चोटिल हो सकते थे।
Turns out Rod Tucker is The One after all. Someone give Morpheus a bell and let him know he’s got the wrong bloke… pic.twitter.com/NfmataApjB
— The Cricket Paper (@TheCricketPaper) August 4, 2017
इसके बाद रोड टकर ने पांड्या को मजाकिया अंदाज में समझाया कि स्थिति कितनी गंभीर हो सकती थी। साथी खिलाड़ी भी ये देख मुस्कराए बिना नहीं रह सके लेकिन इसके साथ ही टीम इंडिया के खाते में 4 रन जुड़ गए। हार्दिक पांड्या ने इस मैच में 20 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से इतने ही रन बनाए। ये हार्दिक का दूसरा टेस्ट मैच था। डेब्यू मैच में उन्होंने तेज अर्धशतक भी जड़ा था।
बता दें कि सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम के पहली पारी के 622 रनों के विशाल स्कोर के सामने मेजबान श्रीलंका की शुरुआत खराब रही है। दूसरे दिन शुक्रवार को खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 50 रनों पर ही दो विकेट खो दिए हैं। दिन का खेल खत्म होने पर कप्तान दिनेश चंडीमल आठ और कुशल मेंडिस 16 रन बनाकर क्रीज पर थे।
