महेंद्र सिंह धोनी मौजूदा दौर के सबसे धाकड़ बल्लेबाजों में से एक हैं। गेंद पर वो जितनी ताकत से प्रहार करते हैं, उसे देखकर न सिर्फ बॉलर बल्कि फील्डर्स के भी पसीने छूट जाते हैं। 2004 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने के बाद उन्होंने कामयाबी के झंडे ही गाड़े हैं। धोनी कितने खतरनाक बल्लेबाज साबित हो सकते हैं, इसका पहला नमूना उन्होंने 2006 में पाकिस्तान के खिलाफ विजाग में दिखाया था। इस मैच में उन्होंने 148 रन ठोक डाले थे। इसके बाद श्रीलंकाई टीम की भी उन्होंने जमकर पिटाई करते हुए 183 रन जड़ दिए थे।
लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि अगर महेंद्र सिंह धोनी खब्बू बल्लेबाज होते तो बैटिंग करते हुए कैसे खेलते। जो खूबसूरत और गगनचुंबी छक्के वो दाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हुए लगाते हैं, अगर वहीं बाएं हाथ से लगाते तो कैसा लगता। लेकिन एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई है, जिसमें धोनी खब्बू बल्लेबाज के तौर पर बैटिंग कर रहे हैं। चौकिएं मत, धोनी ने अपना बैटिंग स्टाइल चेंज नहीं किया है। यह बस कैमरे की करामात है, जिसमें कैमरे को फ्लिप कर दिया गया है। इस वीडियो में धोनी के कई शानदार छक्कों को दिखाया गया है, लेकिन खब्बू अंदाज में।
यहां देखें वीडियो:
Left handed Dhoni is a joy to watch pic.twitter.com/ElH1f0VHFP
— Rishabh Bhandari (@jokebazz) June 24, 2017
टीम की कमान मिलने के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने खुद को शानदार फिनिशर के रोल में तब्दील कर लिया है। कई मौकों पर उन्होंने मुश्किलों में फंसी टीम को उबारा है। धोनी को विश्व क्रिकेट में सबसे शानदार फिनिशर माना जाता है। कपिल देव के बाद भारत ने विश्व कप 2011 में धोनी की कप्तानी में ही जीता था। महेंद्र सिंह धोनी ने 292 वनडे मैचों में अब तक 9351 रन बनाए हैं। उनका औसत 50.82 है। वह अब तक 62 अर्धशतक और 10 शतक जड़ चुके हैं। धोनी वनडे मैचों में 206 छक्के मार चुके हैं। वहीं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके धोनी ने 90 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 4876 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक टेस्ट स्कोर 224 है। धोनी ने 6 टेस्ट शतक और 33 अर्धशतक बनाए हैं।

