अफगानिस्तान के दिग्गज क्रिकेटर मोहम्मद नबी और उनके बेटे हसन ईसाखिल ने मंगलवार (22 जुलाई) को कुछ ऐसा कर दिखाया, जो क्रिकेट के खेल में विरले ही देखने को मिलता। जरा सोचिए ऐसा कितनी बार हुआ है जब किसी मैच में पिता और पुत्र एक साथ खेलते दिखें। साथ खेलने का फिर भी उदाहरण मिल जाएगा, लेकिन एक दूसरे के खिलाफ खेलने का उदाहरण मिलना बहुत मुश्किल है।
काबुल में शापे क्रिकेट लीग (SCL) में अमो शार्क्स का हसन ईसाखिल हिस्सा हैं। मिस ऐनाक नाइट्स से मोहम्मद नबी खेल रहे हैं। ईसाखिल ने 36 गेंद पर 52 रन की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 2 छक्के लगाए। इसमें से एक छक्का उन्होंने मोहम्मद नबी को लगाया। ईसाखिल ने नबी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा। नबी ने 1 ओवर गेंदबाजी की और 12 रन दिए।
बेटे के साथ खेलने के लिए संन्यास टाल दिया
सनद रहे कि मोहम्मद नबी ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास की योजना को टाल दिया था। 40 साल के नबी चाहते हैं कि वह अपने 18 साल के बेटे हसन ईसाखिल के साथ अफगानिस्तान के लिए क्रिकेट मैच खेलें। संन्यास टालने का कारण भी यही था।
हसन ईसाखिल का रिकॉर्ड शानदार
फर्स्ट क्लास क्रिकेट और टी20 में हसन ईसाखिल का रिकॉर्ड शानदार है। उन्होंने 4 प्रथम श्रेणी मैच की 7 पारियों में 47.14 के औसत से 330 रन बनाए हैं। इसमें 2 शतक शामिल हैं। इसके अलावा 24 टी20 में 547 रन बनाए हैं। इसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं। वह जल्द ही अफगानिस्तान की टीम में जगह पा सकते हैं।
लाला अमरनाथ और सुरिंदर अमरनाथ खेले थे एक दूसरे के खिलाफ
डेनिस स्ट्रीक और हीथ स्ट्रीक के अलावा शिवनारायन चंद्रपाल और टेगनारान चंद्रपाल जैसे कई पिता और बेटे की जोड़ी एक साथ क्रिकेट खेल चुकी है, लेकिन लाला अमरनाथ और सुरिंदर अमरनाथ की पिता-पुत्र की जोड़ी एक दूसरे के खिलाफ खेल चुकी है। दोनों ने डिफेंस द्वारा आयोजित एक फंड रेजिंग मैच में हिस्सा लिया। जहां महाराष्ट्र मुख्यमंत्री एकादश का मुकाबला महाराष्ट्र राज्यपाल एकादश से हुआ। लाला और सुरिंदर ने इस मैच में विरोधी टीम का हिस्सा थे।