नोवाक जोकोविच ने यूएस ओपन (अमेरिकी ओपन) फाइनल में रूस के दानिल मेदवेदेव को 6-3, 7-6, 6-3 से हराकर रिकॉर्ड 24वीं बार ग्रैंड स्लैम जीता। नोवाक जोकोविच का चौथा अमेरिकी ओपन (US Open) खिताब है। वह कोरोना का टीका नहीं लगवाने के कारण एक साल पहले यूएस ओपन (अमेरिकी ओपन) में नहीं खेल पाए थे। जोकोविच ने 10 ऑस्ट्रेलियाई ओपन, 7 विम्बलडन और 7 फ्रेंच ओपन ग्रैंड स्लैम भी जीते हैं।

करीब पौने दो घंटे तक चले फाइनल का दर्शकों ने भरपूर मजा लिया। नोवाक जोकोविच और मेदवेदेव लगभग एक जैसी शैली में खेलने वाले खिलाड़ी हैं। खिताब जीतने के बाद जोकोविच कोर्ट पर ही बैठ गए और दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया।

नोवाक जोकोविच पुरुष एकल वर्ग में सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने वाले खिलाड़ी बने। स्पेन के राफेल नडाल के नाम 22 ग्रैंड स्लैम हैं, जबकि रोजर फेडरर 20 ग्रैंड स्लैम जीतकर रिटायर हुए। नोवाक जोकोविच ने सेरेना विलियम्स को पछाड़ा जिनके नाम 23 ग्रैंड स्लैम हैं।

नोवाक जोकोविच ओपन युग में 24 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले पहले खिलाड़ी हैं। हालांकि मार्गरेट कोर्ट के भी इतने ही खिताब हैं, लेकिन इनमें से 13 पेशेवरों को ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट्स में शामिल किए जाने से पहले के हैं।

ये है जोकोविच के ग्रैंड स्लैम खिताबों का ब्योरा

  1. 2008 ऑस्ट्रेलियाई ओपन: फाइनल में फ्रांस के जो विलफ्राइड टीसोंगा को हराया। सेमीफाइनल में रोजर फेडरर को मात दी।
  2. 2011 ऑस्ट्रेलियाई ओपन: एंडी मरे को फाइनल में हराया।
  3. 2011 विम्बलडन: राफेल नडाल को फाइनल में हराया। किसी ग्रैंडस्लैम फाइनल में नडाल को हराने वाले फेडरर के बाद दूसरे खिलाड़ी बने। नंबर वन रैंकिंग भी मिली।
  4. 2011 अमेरिकी ओपन: दो सेट से पिछड़ने के बाद फाइनल में नडाल को हराया। सेमीफाइनल में फेडरर को मात दी।
  5. 2012 ऑस्ट्रेलियाई ओपन: फाइनल में राफेल नडाल को हराया। मुकाबला पांच घंटे 53 मिनट तक चला।
  6. 2013 ऑस्ट्रेलियाई ओपन: फाइनल में एंडी मरे को हराया। लगातार तीन ऑस्ट्रेलियाई ओपन खिताब जीतने वाले ओपन युग में पहले खिलाड़ी बने।
  7. 2014 विम्बलडन: फाइनल में फेडरर को हराया।
  8. 2015 ऑस्ट्रेलियाई ओपन: फाइनल में मर्रे को हराया। इससे पहले 2014 में क्वार्टर फाइनल से बाहर हो गए थे।
  9. 2015 विम्बलडन: फाइनल में फेडरर को हराया।
  10. 2015 अमेरिेकी ओपन: फाइनल में फेडरर को हराया।
  11. 2016 ऑस्ट्रेलियाई ओपन: फाइनल में मर्रे को हराया।
  12. 2016 फ्रेंच ओपन: फाइनल में एंडी मरे को हराया। करियर ग्रैंड स्लैम पूरा किया। लगातार चार ग्रैंड स्लैम जीतने वाले रॉड लावेर (1969) के बाद पहले खिलाड़ी बने।
  13. 2018 विम्बलडन: फाइनल में केविन एंडरसन को हराया। दाहिनी कोहनी के आपरेशन के बाद पहला ग्रैंड स्लैम जीता।
  14. 2018 अमेरिकी ओपन: फाइनल में जुआन डेल पोत्रो को हराया।
  15. 2019 ऑस्ट्रेलियाई ओपन: फाइनल में राफेल नडाल को हराया।
  16. 2019 विम्बलडन: फाइनल में रोजर फेडरर को हराया।
  17. 2020 ऑस्ट्रेलियाई ओपन: फाइनल में डोमिनिक थीम को हराया।
  18. 2021 ऑस्ट्रेलियाई ओपन: फाइनल में दानिल मेदवेदेव को हराया।
  19. 2021 फ्रेंच ओपन: फाइनल में स्टेफानोस सिटसिपास को हराया। सेमीफाइनल में राफेल नडाल को मात दी थी और उन्हें रोलां गैरों पर दो बार हराने वाले इकलौते खिलाड़ी बने थे।
  20. 2021 विम्बलडन: फाइनल में मात्तेओ बेरेतिनी को हराया। 20वां ग्रैंड स्लैम जीतकर नडाल और फेडरर की बराबरी की।
  21. 2022 विम्बलडन: फाइनल में निक किर्गियोस को हराया।
  22. 2023 ऑस्ट्रेलियाई ओपन: फाइनल में सिटसिपास को हराया।
  23. 2023 फ्रेंच ओपन: फाइनल में कैस्पर रूड को हराया। नडाल के 22 ग्रैंड स्लैम से आगे निकले।
  24. 2023 अमेरिकी ओपन: फाइनल में दानिल मेदवेदेव को हराया। अमेरिकी ओपन जीतने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष बने।