टोक्यो ओलंपिक में भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने देश का नाम ऊंचा किया है। उन्होंने इतिहास रचते हुए ऐसा कारनामा कर दिखाया है जो 121 साल में कभी नहीं हो पाया था। नीरज ने भारत के लिए इस ओलंपिक में पहला गोल्ड तो जीता ही है साथ ही ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में ओलंपिक इतिहास का भारत के लिए पहला पदक जीता है। उनकी इस उपलब्धि के बाद हरियाणा सरकार ने उनके लिए करोड़ों के इनाम की घोषणा की है।

पानीपत के रहने वाले नीरज चोपड़ा इंडियन आर्मी में नायब सूबेदार के पद पर तैनात हैं। उन्होंने ओलंपिक में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए देश के साथ-साथ देश की सेना का भी नाम ऊंचा किया है। इस उपलब्धि को हासिल करने के बाद हरियाणा सरकार ने उन्हें 6 करोड़ रुपए का कैश प्राइज देने का एलान किया है।

इसके अलावा सरकार द्वारा उन्हें प्रथम श्रेणी की एक नौकरी भी दी जाएगी। वहीं सरकार ने 13 अगस्त को प्रदेश के सभी पदक विजेताओं का सम्मान करने का भी फैसला किया है। सरकार द्वारा पंचकूला में सेंटर फ़ॉर एक्सीलेंस ऑफ एथलेटिक्स भी बनाया जाएगा।

बजरंग पूनिया पर भी बरसेंगे करोड़ों रुपए

हरियाणा सरकार ने कांस्य पदक विजेता भारतीय रेसलर बजरंग पूनिया को भी 2.50 करोड़ की पुरस्कार राशि और सरकार में नौकरी और कंसेशनल रेट पर HSVP का प्लॉट देने का फैसला किया है। इसके साथ ही बजरंग पूनिया के गांव खुडन में आधुनिक सुविधाओं से लैस इंडोर स्टेडियम भी बनाया जाएगा।


गौरतलब है टोक्यो ओलंपिक में भारत ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। इसमें सबसे बड़ा योगदान है गोल्ड मेडल विजेता नीरज चोपड़ा का। उनके अलावा हरियाणा के पहलवान बजरंग पूनिया ने भी आखिरी दिन कांस्य पदक जीतकर भारत की मेडल टैली में चौथा ब्रॉन्ज जोड़ा था। इस पूरे ओलंपिक में हरियाणा के कई खिलाड़ियों ने अपना जलवा बिखेरा है।

इससे पहले रेसलर रवि दहिया ने सिल्वर मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया था। वहीं भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल और गोलकीपर सविता पूनिया ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं।