जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा और पहलवान रवि दहिया को खेल रत्न पुरस्कार देने के लिए चुना गया है। नीरज चोपड़ा ओलंपिक खेलों में एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय हैं। रवि दहिया ने टोक्यो ओलंपिक में खेलों में रजत पदक जीता था। देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार के लिए इस बार कुल 11 खिलाड़ियों को चुना गया है।

चयन समिति ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन, अनुभवी हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश और महिला टेस्ट क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज के नाम को भी मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना। दिग्गज सुनील छेत्री इस सम्मान के लिए चुने गए देश के पहले फुटबॉलर बने।

पिछले साल पांच खिलाड़ियों को खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया, जबकि 2016 रियो खेलों के बाद चार खिलाड़ियों को इस पुरस्कार के लिए चुना गया था। टोक्यो पैरालंपिक (24 अगस्त से पांच सितंबर) में हिस्सा लेने वाले पैरा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी विचार करने के लिए राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा में विलंब किया गया।

टोक्यो पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली निशानेबाज अवनि लेखरा और मनीष नरवाल, भाला फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल और बैडमिंटन खिलाड़ियों प्रमोद भगत और कृष्णा नागर को भी खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया।

समिति ने अर्जुन पुरस्कार के लिए 35 खिलाड़ियों को चुना। पिछले साल इस पुरस्कार के लिए चुने गए खिलाड़ियों की संख्या 27 थी। अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए खिलाड़ियों में आइएएस अफसर और नोएडा के जिलाधिकारी सुहास एलवाई का नाम भी शामिल है।

उनके अलावा क्रिकेटर शिखर धवन, पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल और ऊंची कूद के निषाद कुमार अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए खिलाड़ियों में शामिल हैं। ओलंपिक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्यों (पीआर श्रीजेश को छोड़कर) को भी अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा।

इन खिलाड़ियों को मिलेगा मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड

  • नीरज चोपड़ा (एथलेटिक्स)
  • रवि दहिया (रेसलिंग)
  • पीआर. श्रीजेश (हॉकी)
  • लवलीना बोरगोहेन (बॉक्सिंग)
  • सुनील छेत्री (फुटबॉल)
  • मिताली राज (क्रिकेट)
  • प्रमोद भगत (बैडमिंटन)
  • सुमित अंतिल (एथलेटिक्स)
  • अवनी लेखरा (शूटिंग)
  • कृष्णा नागर (बैडमिंटन)
  • मनीष नरवाल (शूटिंग)

अर्जुन अवॉर्ड के लिए इन खिलाड़ियों को चुना गया

  • योगेश कथूरिया
  • निषाद कुमार
  • प्रवीण कुमार
  • शरद कुमार
  • सुहास एलवाई
  • सिंघराज अधाना
  • भाविना पटेल
  • हरविंदर सिंह
  • शिखर धवन
  • पुरुष हॉकी टीम के सभी खिलाड़ी (श्रीजेश को छोड़कर, उन्हें खेल रत्न के लिए चुना गया है।)

बता दें कि टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत का सबसे शानदार प्रदर्शन रहा था। भारत ने इस बार भारत कुल 7 मेडल जीते थे। इनमें से एक गोल्ड मेडल भी शामिल है। पैरालंपिक खेलों की बात करें तो इस बार भारत ने रिकॉर्ड 19 मेडल जीते। इसमें से 5 स्वर्ण पदक थे।