Tokyo 2020 Olympics: भारत के तैराक साजन प्रकाश ने शनिवार (26 जून) को रोम में इतिहास रच दिया। वे ‘ए’ ओलंपिक क्वालीफिकेशन टाइम पार करने वाले पहले भारतीय तैराक बन गए। साजन प्रकाश ने रोम में सेट्टे कोली ट्रॉफी में पुरूषों के 200 मीटर बटरफ्लाय वर्ग में एक मिनट 56.38 सेकंड का समय निकाला। रियो ओलंपिक 2016 खेल चुके साजन टोक्यो ओलंपिक ‘ए ’ स्टैंडर्ड में प्रवेश में 0.1 सेकंड से कामयाब रहे। टोक्यो ओलंपिक ए स्टैंडर्ड एक मिनट 56.48 सेकंड है।

केरल के इस तैराक ने पिछले सप्ताह बेलग्रेड ट्रॉफी तैराकी प्रतियोगिता में एक मिनट 56.96 सेकंड का समय निकाला था जो उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड था। प्रकाश टोक्यो ओलंपिक की तैराकी स्पर्धा में माना पटेल के साथ भाग लेंगे। माना पटेल को भारतीय तैराकी महासंघ ने नामित किया है। प्रकाश के सीधे क्वालीफाई करने के मायने हैं कि श्रीहरि नटराज टोक्यो ओलंपिक में भाग नहीं ले सकेंगे जिन्हें माना के साथ यूनिवर्सिटिलिटी कोटा के तहत नामांकित किया गया था। नटराज रोम में शुक्रवार को 100 मीटर बैकस्ट्रोक में क्वालीफाई करने से 0.05 सेकंड से चूक गए थे।

यूनिवर्सिलिटी कोटा के तहत देश से एक पुरूष और एक महिला तैराक को ओलंपिक खेलने का मौका मिलता है बशर्ते कोई सीधे क्वालीफाई नहीं कर ले या उसे ओलंपिक चयन समय (बी) के आधार पर फिना से न्यौता नहीं मिले। प्रकाश को हमेशा से ए मार्क हासिल करने का यकीन था। उन्होंने अप्रैल में कहा था,‘‘अभी मैं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर रहा हूं लेकिन मुझे यकीन है कि जल्दी ही करूंगा। इसके लिए सब्र रखना होगा।’’

भारत की केनिषा गुप्ता ने भी रोम में 100 मीटर फ्रीस्टाइल में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। साजन प्रकाश की इस उपलब्धि पर खेल मंत्री किरण रिजिजू ने उन्हें बधाई दी है। रिजिजू ने कहा, ‘‘मैं साजन को टोक्यो 2020 के लिए क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय तैराक बनने के लिए बधाई देता हूं क्योंकि उन्होंने रोम में सेटे कोली ट्रॉफी में पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई में 1:56:38 का समय लिया। यह भारत को गौरवान्वित करने के प्रति हमारे एथलीटों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’

(पीटीआई-भाषा इनपुट सहित)