बॉलीवुड अदाकारा दिशा पटानी ने 2015 में आई तेलुगू मूवी लोफर से फिल्मी दुनिया में कदम रखा था। हालांकि, उन्हें फिल्मी पर्दे पर पहचान और शोहरत महेंद्र सिंह धोनी की बॉयोपिक एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी (M.S. Dhoni: The Untold Story) से मिली। फिल्म में दिशा पटानी ने धोनी की गर्लफ्रेंड प्रियंका झा की भूमिका निभाई थी।

इस तरह की भूमिका निभाने की संवेदनशीलता को समझते हुए, दिशा ने स्वीकार किया था कि उन्हें उम्मीद है कि धोनी को उनकी भूमिका पसंद आएगी। हालांकि, उन्हें तब यकीन नहीं था कि भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी से उनकी मुलाकात होगी। दिशा पटानी ने बताया था कि फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले वह महेंद्र सिंह धोनी से मिलने को बहुत ज्यादा उत्सुक थीं। उन्होंने यह भी बताया था कि आखिर क्या सोचकर उन्होंने धोनी की गर्लफ्रेंड की भूमिका निभाने के लिए हां कहा था।

दिशा ने बताया था, ‘मुझे नहीं पता कि मैं धोनी से कब मिल पाऊंगी, लेकिन मैं उनसे मिलने के लिए उत्सुक हूं। मैं उनसे फिल्म और मेरी भूमिका के बारे में पूछूंगीं कि क्या उन्हें यह पसंद आया?’ दिशा ने बताया था कि फिल्म की कास्टिंग वास्तविक जीवन के पात्रों से प्रेरित है।

उन्होंने कहा था, ‘जाहिर है, ऐसे में आप साक्षी को कियारा या धोनी को सुशांत में देखेंगे। मुझे उम्मीद है कि धोनी मुझमें प्रियंका को देखेंगे। मैंने किरदार में अपना पंच भी जोड़ा है। मुझे लगता है कि आप हर बार तकनीकी नहीं हो सकते हैं। आपको अपना थोड़ा सा जोड़ना चाहिए।’

बाद में पता चला कि महेंद्र सिंह धोनी फिल्म में प्रियंका का हिस्सा दिखाए जाने को लेकर थोड़ा आशंकित थे। खबरों के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान नहीं चाहते थे कि उनके जीवन का वह हिस्सा जनता के सामने आए। हालांकि, बाद में इस दिग्गज क्रिकेटर ने हामी भर दी थी।

बात अगर दिशा पटानी के वर्कफ्रंट की करें तो एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी के रिलीज होने के बाद से अब तक उन्होंने एक लंबा सफर तय किया है। उनकी आखिरी फिल्म सलमान खान स्टारर फिल्म ‘राधेः यॉर मोस्ट वॉन्टेड भाई’ रिलीज हुई थी। यह फिल्म इस साल 13 मई को रिलीज हुई थी। इसमें उन्होंने अनिल कपूर, टाइगर श्रॉफ और अन्य के साथ स्क्रीन शेयर की है।

दिशा पटानी सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। वह फिल्मों के अलावा अपनी फिटनेस को लेकर भी चर्चा में रहती हैं। उनके टाइगर श्रॉफ के साथ रिलेशनशिप को लेकर भी चर्चाएं होती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों काफी लंबे समय से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं। हालांकि, दोनों ने अब तक खुद इस मुद्दे पर खुलकर कुछ भी नहीं कहा है।