सिल्वर स्क्रीन पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन के जीवन पर आधारित फिल्म तो रिलीज हो चुकी है, जिसमें उनके क्रिकेट करिअर से लेकर मैच फिक्सिंग के बारे में भी दिखाया गया है। लेकिन अब क्रिकेट प्रेमी महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर आधारित फिल्म MS Dhoni the untold Story का इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म में धोनी की निजी जिंदगी के कुछ अनछुए पहलू को भी दर्शाया जाएगा।
फिल्म में महेंद्र सिंह धोनी का किरदार अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत निभाते नजर आएंगे। यह फिल्म धोनी के सामान्य जिंदगी से उनके क्रिकेटर बनने की कहानी बयां करेगी जिसमें कई रोचक किस्से और प्रसंग आएंगे। फिल्म की शूटिंग के दौरान पता चला कि फिल्म में एक किस्सा उनके क्रिकेट छोड़ने के बारे में भी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म के एक हिस्से में धोनी की दुखद प्रेम कहानी भी होगी। बहुत कम लोगों को पता होगा कि साक्षी रावत से नजदीकियां बढ़ने और शादी करने से पहले धोनी प्रियंका झा नाम की लड़की से प्रेम करते थे। रिपोर्ट के अनुसार धोनी जब भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की करने में जुटे थे उसी दौरान एक भयंकर कार दुर्घटना में उन्होंने प्रियंका को खो दिया।
लिहाजा प्रियंका झा की मौत ने धोनी पर गहरा प्रभाव डाला। इस हादसे के बाद धोनी करीब एक साल तक डिप्रेशन का शिकार हुए। उनके जेहन में प्रियंका के जाने के बाद क्रिकेट छोड़ने तक का खयाल आया। हालांकि, उन्होंने खुद को कॉन्फिडेटं किया और बाद में वे क्रिकेट में ऐसे रमे कि हर फैंस के पसंदीदा क्रिकेटर बन गए।
बाद में भारतीय कप्तान ने अपने बचपन की दोस्त साक्षी से शादी कर ली। धोनी की एक बच्ची है। मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि धोनी हालांकि, प्रियंका झा वाले किस्से को फिल्म की कहानी में जोड़ना नहीं चाहते थे लेकिन फिल्म के निर्माताओं ने उन्हें भरोसे में लिया तब जाकर वह राजी हुए। आपको बता दें कि एक्ट्रेस दिशा पटानी फिल्म में प्रियंका झा का किरदार निभाती दिखेंगी। ‘महेंद्र सिंह धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी’ आगामी 30 सितंबर को रिलीज होगी।
