क्रिस्टियानो रोनाल्डो और नेमार के बीच सबसे बड़ी समानता है कि दोनों दुनिया के दिग्गज फुटबॉलर हैं। इसके अलावा इन दोनों फुटबॉलर के बीच एक समानता और भी है, जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। दरअसल, दोनों फुटबॉलर अपना जन्मदिन एक ही दिन यानी 5 फरवरी को मनाते है। रोनाल्डा आज अपना 34वां जन्मदिन मना रहे हैं, जबकि नेमार आज 27 साल के हो गए। वैसे काबिलियत और रिकॉर्ड की बात करे तो नेमार इस मामले में रोनाल्डो से काफी पीछे हैं। तो आइये जानते हैं रोनाल्डो और नेमार के बीच आंकड़ो के खेल के बारे में।
प्रोफेशनल फुटबॉलर रोनाल्डो का जन्म 5 फरवरी 1985 को पुर्तगाल के फनचल, मदीरा में हुआ था। वहीं नेमार 5 फरवरी 1992 को ब्राजील के साओ पाउलो राज्य के मोगी दास क्रुज़ेस में हुआ था। उम्र के लिहाज से देखें तो रोनाल्डो ब्राजील के स्टार फुटबॉलर से उम्र में 7 साल बड़े हैं। युवेंतस की ओर से खेलने वाले रोनाल्डो ने अपने करियर में अब तक कुल 675 गोल दागे हैं, जिसमें 85 गोल उन्होंने अपने देश की तरफ से किए हैं। वहीं नेमार ने 60 इंटरनेशनल गोल सहित कुल 283 गोल किए हैं। यानी रोनाल्डो के युवा फुटबॉलर नेमार से 392 गोल ज्यादा हैं।
रोनाल्डो के नाम 5 यूएफा चैंपियंस लीग के खिताब दर्ज हैं। वहीं नेमार बार्सिलोना की ओर से खेलते हुए सिर्फ 1 बार यूएफा चैंपियंस लीग का खिताब अपने नाम कर पाए हैं। क्रिस्टियानो रोनाल्डो को पांच बार फुटबॉल के सर्वश्रेष्ठ खिताब बैलन डी’ओर से नवाजा जा चुका है। साल 2017 में पांचवीं बार उन्होंने इस खिताब पर कब्जा जमाया था। वहीं नेमार अब तक इस खिताब को नहीं जीत पाए हैं। स्पेनिश लीग ‘ला लीगा’ में रोनाल्डो के नाम सबसे ज्यादा 64 हैट्रिक दागने का रिकॉर्ड दर्ज हैं। वहीं नेमार सिर्फ 3 हैट्रिक लगा पाए। मौजूदा समय में नेमार फ्रैंच क्लब पीएसजी की ओर से खेल रहे हैं।
कमाई के मामले में भी रोनाल्डो नेमार से काफी आगे हैं। साल 2018 में रोनाल्डो ने जहां 111 मिलियन डॉलर की कमाई की। वहीं नेमार ने बीते साल 84 मिलियन डॉलर कमाए। सोशल मीडिया पर फैन फॉलोइंग के मामले में भी रोनाल्डो बहुत आगे हैं। रोनाल्डो के सोशल मीडिया पर लगभग 340 मिलियन फॉलोअर है, जबकि नेमार के लगभग 212 मिलियन फॉलोअर हैं।