LOVE STORY: भारत और दुनिया में कई ऐसे प्लेयर्स हैं, जिन्होंने अपने खेल में ही जिंदगी का हमसफर ढूंढा। कुछ ऐसे हैं, जिन्होंने दूसरे खेल के/की प्लेयर से शादी रचाई। वहीं, कुछ ऐसे भी रहे, जिन्होंने अपने कोच को ही जीवनसाथी के रूप में चुना।

कोच से शादी करने वालों की सूची में भारत की दो खिलाड़ी अंजू बॉबी जॉर्ज और हीना सिद्धू भी शामिल हैं। टोक्यो ओलंपिक में एक कोच ने अपनी शिष्या को तब प्रपोज किया, जब वह अपनी स्पर्धा के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रही थीं।

हीना सिद्धू और रौनक पंडित (Heena Sidhu And Ronak Pandit)

दो बार की ओलंपियन और अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ की वर्ल्ड रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाली पहली भारतीय पिस्टल निशानेबाज डॉ. हीना सिद्धू वर्ल्ड कप और कॉमनवेल्थ गेम्स में 2-2 बार देश के लिए गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। कहते हैं कि हर सफल पुरुष के पीछे एक महिला का हाथ होता है। हालांकि, हीना के मामले में कहा जा सकता है कि हर सफल महिला के पीछे एक पुरुष होता है।

जी हां, हीना सिद्धू की सफलता में उनके अनौपचारिक कोच, पति और शूटर रौनक पंडित का बहुत बड़ा हाथ माना जाता है। वह उनके हर शॉट का विश्लेषण करने के लिए जाने जाते हैं। पंजाब के लुधियाना में 29 अगस्त 1989 को जन्मीं हीना सिद्धू ने 7 फरवरी, 2013 को रौनक पंडित से शादी की थी। रौनक पंडित 2006 मेलबर्न कॉमनवेल्थ गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता (25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल पेयर्स) हैं।

अंजू बॉबी जॉर्ज और रॉबर्ट बॉबी जॉर्ज (Anju Bobby George And Robert Bobby George)

अंजू बॉबी जॉर्ज अपनी असाधारण क्षमताओं के कारण देश की लॉन्ग जम्प क्वीन के रूप में जानी जाती हैं। 2000 के दशक की शुरुआत में हर कोई उन्हें जानता था। उन्होंने पेरिस में हुई विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप कांस्य पदक जीता था। वह वर्ल्ड चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली पहली भारतीय थीं। उन्होंने 2005 मोंटे कार्लो (Monte Carlo) वर्ल्ड एथलेटिक्स फाइनल में गोल्ड मेडल जीता।

उन्होंने 2002 बुसान एशियाड में गोल्ड और 2006 दोहा एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता। साल 2002 में उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। साल 2003-2004 में भारत का सर्वोच्च खेल सम्मान खेल रत्न भी हासिल किया। केरल के कोट्टायम में 19 अप्रैल 1977 को जन्मीं अंजू ने रॉबर्ट बॉबी जॉर्ज के साथ शादी की। रॉबर्ट ट्रिपल जंप में राष्ट्रीय चैंपियन थे और अंजू के कोच थे।

मारिया बेलेन पेरेज मौरिस और लुकास गुइलेर्मो सॉसेडो (Maria Belen Perez Maurice And Lucas Guillermo Saucedo)

टोक्यो ओलंपिक 2020 में अर्जेंटीना की तलवारबाज मारिया बेलेन पेरेज मौरिस ने भी हिस्सा लिया था। हालांकि, हंगरी की एना मार्टन से हारने के बाद उनका अभियान खत्म हो गया, लेकिन उन्हें ओलंपिक से खाली हाथ नहीं लौटना पड़ा। मैच के बाद मारिया जब पत्रकारों को इंटरव्यू दे रही थीं, तभी उनके कोच लुकास गुइलेर्मो सॉसेडो उनके पास पहुंचे और उन्हें प्रपोज कर दिया।

गुइलेर्मो का मारिया को प्रपोज करने का अंदाज भी जुदा था। मारिया पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रही थीं तभी गुइलेर्मो वहां पहुंचे। उन्होंने मारिया से पीछे मुड़ने को कहा। मारिया पीछे मुड़ीं। पीछे गुइलेर्मो अपने हाथों में एक बड़ा सा कागज लिए खड़े थे। उस पर स्पेनिश में कुछ लिखा था, जिसका हिंदी में अर्थ था, ‘क्या तुम मुझसे शादी करेंगी, प्लीज?’ गुइलेर्मो के प्रपोज करने पर मारिया ने तुरंत हां कर दिया। मारिया ने जैसे ही वह कागज पढ़ा, उनके मुंह से निकला ‘ओह माय गॉड।’