वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल अपने पार्टी लाइफ के बारे में जाने जाते हैं। मैदान पर लंबे-लंबे छक्के लगाने वाले गेल को दुनिया में सबसे ज्यादा पार्टी करने वाले क्रिकेटरों की श्रेणी में रखा जाता है। गेल इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने के कारण लंबे समय तक भारत में रहे हैं। इस दौरान वे कई कार्यक्रमों में नजर आते रहते हैं। गेल का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे कपिल शर्मा के शो पर गए थे। उस दौरान गेल ने भारतीय सिंगर कनिका कपूर से पूछा था, ‘‘क्या आप मुझसे प्यार करती हैं?’ इसके बाद लोग हंसने लगे और कनिका ने मजेदार जवाब भी दिया था।
दरअसल, कार्यक्रम के दौरान कपिल ने कनिका कपूर की तारीफ करते हुए कहा कि आपने उड़ता पंजाब में एक बेहतरीन गाना गया था। वह शानदार था। इस पर कनिका ने जवाब में शुक्रिया कहते हुए उन्हें LOVE YOU कहा। इसी दौरान क्रिस गेल बीच में बोल पड़े- क्या आप मुझसे भी प्यार करती हैं? इस पर कनिका ने मजेदार जवाब देते हुए कहा- यह अलग तरह का प्यार है। भाई-बहन वाला प्यार है। फिर कपिल ने गेल को मजाक-मजाक में कहा- क्या आप 5 मिनट तक आराम नहीं कर सकते हैं? ये तो मुझसे भी ज्यादा आगे हैं, लेकिन सही है आगे बढ़ते रहिए। फिर कपिल ने गेल से पूछा- क्रिस आपकी इतनी लड़कियां फैन हैं। आपको तो इस बात की खुशी होती होगी? इस पर गेल ने कहा- हां बिल्कुल खुशी होती है।
कपिल ने गेल से अगला सवाल किया- क्या आप बॉलीवुड फिल्म देखते हैं? इस पर गेल ने कहा, ‘‘मैंने फिल्म देखी है, लेकिन नाम याद नहीं है।’’ फिर कपिल ने पूछा- आपको कौन सी भारतीय एक्ट्रेस पसंद हैं? इस पर गेल ने कहा कि अगर मुझे मिलने का मौका मिले तो दीपिका पादुकोण। उनका बॉलीवुड में बड़ा नाम है। कपिल ने फिर कहा कि मैं जिस भी लड़की को पसंद करता हूं उसे पूरी दुनिया चाहती है। इस मामले में मेरा बैडलक है।
कपिल ने गेल को ड्वेन ब्रावो का भी उदाहरण दिया। दरअसल, ब्रावो इससे पहले कपिल शर्मा शो पर गए थे। तब ब्रावो ने दीपिका को अपना फेवरेट एक्ट्रेस बताया था। कपिल ने गेल से पूछा- क्या वेस्टइंडीज की पूरी टीम दीपिका को ही पसंद करती है। इस पर गेल हंसने लगे। कपिल ने फिर मजाकिया अंदाज में दीपिका से अपील करते हुए कहा कि पूरी वेस्टइंडीज की टीम आपके पीछे है। आप अपना ख्याल रखिए। फिर सब हंसने लगे।


