द हंड्रेड वुमेंस कंपटीशन 2024 के फाइनल में लंदन स्पिरिट ने रविवार (18 अगस्त) को वेल्स फायर को 4 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। लंदन स्पिरिट को 3 गेंद पर 4 रन चाहिए थे। हेले मैथ्यूज की गेंद पर भारत की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने छक्का जड़ा और लंदन स्पिरिट चैंपियन बन गई। दीप्ति शर्मा ने 16 गेंद पर नाबाद 16 रन बनाए।

दीप्ति ने जब विजयी छक्का जड़ा तब नॉन स्ट्राइकर चार्लोट डीन उनकी तरफ दौड़ीं। दोनों ने जीत का जश्न मनाया। दीप्ति शर्मा और चार्लोट डीन एक विवाद का हिस्सा रही हैं। दो साल पहले लॉर्ड्स में ही भारत-इंग्लैंड के बीच मैच के दौरान दीप्ति ने चार्लोट को नॉन स्ट्राइकर एंड पर रन आउट यानी मांकड किया था। तब इंग्लैंड की कप्तान हीथर नाइट थीं, जो लंदन स्पिरिट की कप्तान हैं।

वेल्स फायर की बल्लेबाजी

वेल्स फायर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 गेंद पर 8 विकेट के नुकसान पर 115 रन बनाए। जेस जोनासेन ने सबसे ज्यादा 41 गेंद पर 54 रन बनाए। हेली मैथ्यूज ने 26 गेंद पर 22 और टैमी ब्यूमोंट ने 16 गेंद पर 21 रन बनाए। लंदन स्पिरिट के लिए इवा ग्रे और सराह ग्लेन ने 2-2 विकेट लिए। तारा नॉरिस और दीप्ति शर्मा ने 1-1 विकेट लिए।

लंदन स्पिरिट की बल्लेबाजी

116 रन के टारगेट के जवाब में लंदन स्पिरिट के लिए जॉर्जिया रेडमेयने ने 32 गेंद पर 34 रन बनाए। हीथर नाइट ने 18 गेंद पर 24 रन बनाए। डैनियल गिब्सन ने 9 गेंद पर 22 रन बनाए। दीप्ति शर्मा ने 16 गेंद पर नाबाद 16 रन बनाए। वेल्स फायर के लिए शबनिम इस्माइल ने 3 विकेट लिए। फ्रेया डेविस और जॉर्जिया डेविस ने 1-1 विकेट लिए।