भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और राष्ट्रीय चयनकर्ता वीबी चंद्रशेखर का गुरुवार रात चेन्नई में दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया। मीडिया में आई खबरों की मानें तो पुलिस को उनके आत्महत्या करने का शक है। हालांकि, इस संबंध में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच जारी है।

खबरों के मुताबिक, चंद्रशेखर के ऊपर वित्तीय देनदारी कुछ ज्यादा थी। आत्महत्या करने का यह भी एक कारण हो सकता है। तमिलनाडु के इस पूर्व बल्लेबाज का छह दिन बाद 58वां जन्मदिन था। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं।

चंद्रशेखर ने 1988 से 1990 के बीच 7 वनडे खेले थे। इनमें उन्होंने 88 रन बनाए थे। हालांकि, घरेलू स्तर पर उनका प्रदर्शन काफी शानदार रहा था। उन्होंने 81 मैचों में 4999 रन बनाए थे। इसमें नाबाद 237 रन उनका उच्चतम स्कोर रहा था। जब ग्रेग चैपल भारतीय टीम के कोच थे तब वे राष्ट्रीय कोच भी रहे। बाद के वर्षों में उन्होंने घरेलू क्रिकेट में कमेंट्री भी की। इसके अलावा वे आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के क्रिकेट मैनेजर भी थे।

चंद्रशेखर के निधन पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शोक व्यक्त किया है। बीसीसीआई ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘हम भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर वीबी चंद्रशेखर के निधन की सूचना से दुखी हैं। हम उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं।’ इसके अलावा अनिल कुंबले, हरभजन सिंह और सुरेश रैना समेत कई क्रिकेटरों ने भी ट्वीट कर दुख जताया है।