क्रिकेट अनिश्चिताओं का खेल है। इस खेल में कब कौन किस पर भारी पड़ जाए कुछ नहीं कहा जा सकता। सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के डोमेस्टिक वनडे टूर्नामेंट यानी मार्श कप में विक्टोरिया और तस्मानिया के बीच हुए मुकाबले में कुछ ऐसा ही कारनामा हुआ। पर्थ के वाका ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में विक्टोरिया के कप्तान और विकेटकीपर पीटर हैंड्सकॉम्ब ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि, उनका यह फैसला बहुत अच्छा साबित नहीं हुआ। उसने 50 रन के भीतर 4 विकेट गंवा दिए। बाद में ग्लेन मैक्सवेल (34), मैथ्यू शॉर्ट (27) और विल सदरलैंड (53) के पारियों की मदद से उसने 47.5 ओवर में 10 विकेट पर 185 रन बनाए। तस्मानिया की ओर से जैक्सन बर्ड, जेम्स फॉकनर और गुरिंदर संधू ने 2-2 विकेट लिए। नाथन एलिस ने 35 रन देकर 3 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी तस्मानिया की शुरुआत बहुत अच्छी तो नहीं रही, लेकिन खराब भी नहीं कही जा सकती। उसका पहला विकेट 25 के स्कोर पर गिरा। हालांकि, इसके बाद ओपनर बेन मैकडरमॉट ने पारी को संभाला और एलेक्स डोलन और कप्तान जॉर्डन सिल्क के साथ मिलकर स्कोर को 96 तक ले गए। उन्होंने जॉर्ज बैली के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 38 रन जोड़े। फिर बियू वेबस्टर के साथ पांचवें के लिए 38 रन की साझेदारी की।

एक समय तस्मानिया की टीम जीत के बिल्कुल करीब दिख रही थी। उसका स्कोर 38.2 ओवर में 5 विकेट पर 172 रन था। उसे जीत के लिए 14 रन चाहिए थे और पांच विकेट गिरने बाकी थे। क्रीज पर जेम्स फॉकनर और बेन मैकडरमॉट क्रीज पर थे। दोनों स्कोर को 181 तक ले गए। अब तस्मानिया को जीत के लिए सिर्फ 5 रन चाहिए थे और उसके पांच विकेट आउट होना शेष थे।

हालांकि, होनी को कुछ और मंजूर था। जैक्सन कोलमैन 40वां ओवर फेंकने आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर फॉकनर को होलैंड के हाथों कैच करा दिया। हालांकि, क्रीज बदल चुकी थी और अब उनके सामने 6 चौके एक छक्का जड़ चुके बेन मैकडरमॉट थे। लेकिन उन्होंने अगली ही गेंद पर मैडरमॉट को भी पवेलियन की राह दिखा दी। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर कोलमैन ने गुरिंदर संधू को एक रन के निजी स्कोर पर मैथ्यू शॉर्ट के हाथों कैच करा दिया। अब तस्मानिया का स्कोर 40 ओवर में 8 विकेट पर 183 रन था। उसे मैच जीतने के लिए 3 और टाई कराने के लिए 2 रन चाहिए थे। उसके दो बल्लेबाज आउट होना बाकी थे।

क्रिस ट्रीमैन 41वां ओवर लेकर आए। उन्होंने पहली गेंद पर कोई रन नहीं दिया। दूसरी गेंद पर जैक्सन बर्ड को पीटर हैंड्सकॉम्ब के हाथों कैच करा दिया। उनकी जगह बाएं हाथ के बल्लेबाज रिले मर्डिथ ने क्रीज संभाली। तस्मानिया के लिए अब भी उम्मीदें जिंदा थीं। रिले ने ट्रीमैन के ओवर की तीसरी गेंद को स्क्वायर लेग की ओर खेलकर एक रन लिया। अब तस्मानिया को जीत के लिए सिर्फ 2 रन और टाई कराने के लिए एक रन की जरूरत थी।

चौथी गेंद पर ट्रीमैन के सामने नाथन एलिस थे। उन्होंने ट्रीमैन की इस गेंद पर शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन चूक गए और गेंद उनके पैड पर जा लगी। ट्रीमैन ने एलबीडब्ल्यू की अपील की और अंपायर ने अपनी अंगुली उठा दी। इसके साथ ही विक्टोरिया ने एक ऐसा मैच जीत लिया, जो उसके हाथ से बिल्कुल निकल चुका था। विल सदरलैंड को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 43 रन देकर 2 विकेट लिए। इससे पहले उन्होंने बल्लेबाजी में हाथ दिखाते हुए 53 रन बनाए थे। क्रिस ट्रीमैन ने 36 और जैक्सन कोलमैन ने 46 रन देकर 4-4 विकेट लिए।