T20 World Cup, Gautam Gambhir Warns Rohit Sharma: भले ही ध्यान चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ भारत के ब्लॉकबस्टर संघर्ष पर बना हुआ है, लेकिन पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर चाहते हैं कि रोहित शर्मा एंड कंपनी एक और टीम से सावधान रहे। वह टीम इस समय क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में अपने चरम पर है।

मेन इन ब्लू ने जब गत चैंपियन के रूप में एशिया कप 2022 में प्रवेश किया था तो रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम इंडिया से बहुत उम्मीद की जा रही थी। हालांकि, टीम इंडिया फाइनल में भी नहीं पहुंच पाई थी।

एशिया कप 2022 ऑस्ट्रेलिया में होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 के लिए एक प्रणेता साबित हुआ। एशिया कप 2022 में मेजबान श्रीलंका को टूर्नामेंट के पहले मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा।

हालांकि, इसके बाद उसने भारत और पाकिस्तान को हराकर शानदार वापसी की। एशिया कप 2022 से भारत को बाहर करने के बाद श्रीलंका ने फाइनल मुकाबले में बाबर आजम के नेतृत्व वाले पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी जीती।

गौतम गंभीर श्रीलंका को विश्व कप 2022 में खिताब के दावेदारों के लिए खतरा मानते हैं। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में श्रीलंका के तेजी से उदय के बारे में बात करते हुए गौतम गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘श्रीलंका, एशिया कप में उन्हें जिस तरह की सफलता मिली है, उसके कारण। जिस तरह से वे खेल रहे हैं, जिस तरह से वे शायद सही समय पर शिखर पर पहुंच रहे हैं।’

गौतम गंभीर ने कहा, ‘…और चमीरा और लहिरू कुमारा के आने से, श्रीलंकाई क्रिकेट टीम ने शायद अपने अधिकांश स्थानों को कवर कर लिया है। वे (श्रीलंका) एक खतरा बनने जा रहे हैं। शायद इसलिए वे टी20 विश्व कप में बहुत अधिक आत्मविश्वास से हिस्सा ले रहे हैं।’

विश्व कप 2022 के सुपर 12 चरण में श्रीलंकाई टीम अगर भारत के साथ मैच खेलना चाहती है तो एशिया कप 2022 की चैंपियन को पहले क्वालिफाई करना होगा। वेस्टइंडीज, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, आयरलैंड, यूएई, नामीबिया, नीदरलैंड और स्कॉटलैंड टी20 विश्व कप 2022 के सुपर 12 चरण के चार खाली स्थानों के लिए जूझ रहे हैं।

दासुन शनाका की अगुआई वाली श्रीलंका ने रविवार को सिमंड्स स्टेडियम में टी20 विश्व कप के पहले मैच में नामीबिया के खिलाफ मुकाबला किया। भारतीय टीम 23 अक्टूबर को विश्व कप 2022 के पहले मैच में पाकिस्तान से भिड़ेगी।