कुमार कुशाग्र ने 42 गेंदों में नाबाद 86 रन ठोककर झारखंड को पंजाब खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा रन चेज करने में मदद की। पुणे में सुपर लीग ग्रुप ए मुकाबले में 236 रन के टारगेट को झारखंड ने 11 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। इससे पंजाब के सलिल अरोड़ा की शतकीय पारी पर पानी फिर गया। उन्होंने 39 गेंदों में शतक बनाया और 45 गेंदों में नाबाद 125 रन ठोके। मैच में 229 गेंदों पर 472 रन बने। 28 छक्के और 42 चौके लगे।

सलील ने अकेले दम पर पंजाब को पुणे की सपाट पिच पर 235 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचाया। उनके अलावा पंजाब का कोई और बल्लेबाज 30 रन के आंकड़े को पार नहीं कर पाया। झारखंड के कप्तान इशान किशन ने 23 गेंदों में 47 रन बनाकर टीम को बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शुरुआत दी। हालांकि, वह अच्छी शुरुआत को भुना नहीं पाए। उन्होंने कुशाग्र के साथ 60 रन की साझेदारी की।

कौन हैं मणिशंकर मुरसिंह? सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के बाद IPL नीलामी में मचा सकते हैं धूम

पंकज कुमार ने विजयी छक्का लगाया

इशान किशन ने 23 गेंद पर 8 चौके और 1 छक्के की मदद से 47 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 204.35 का रहा। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में गुजरात टाइटंस (GT) के हिस्सा कुशाग्र ने रॉय (17 गेंदों में 37 रन) के साथ 66 रन की साझेदारी की, जिन्होंने गेंद से भी अच्छा प्रदर्शन किया और तीन ओवर में केवल 25 रन दिए। इसके बाद कुशाग्र ने पंकज कुमार (18 गेंद पर नाबाद 39) के साथ 71 रन की अटूट साझेदारी की और झारखंड को जीत दिलाई। पंकज ने विजयी छक्का लगाया।

झारखंड ने मुंबई का रिकॉर्ड तोड़ा

झारखंड ने 236 रनों का लक्ष्य हासिल करके मुंबई का रिकॉर्ड तोड़ा और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया। मुंबई ने 2024 आंध्र प्रदेश के खिलाफ 230 रनों का लक्ष्य हासिल किया था। अजिंक्य रहाणे ने 95 रनों की शानदार पारी खेली थी।