साउथ अफ्रीका दौरे पर टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। सूर्यकुमार यादव ने दूसरे टी20 मैच में 15 रन बनाते ही करियर के 2000 टी20 रन पूरे कर लिए। सूर्यकुमार यादव टी-20 अंतरराष्ट्रीय में संयुक्त रूप से सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने विराट कोहली की बराबरी कर ली है। SKY ने अपने 59वें मुकाबले की 56वीं पारी में यह उपलब्धि अपने नाम की। कोहली ने भी 56 पारियों में 2000 टी20 रन पूरे किए थे।
फास्टेस्ट 2000 रन का रिकॉर्ड बाबर के है नाम
हालांकि सूर्यकुमार यादव गेंद के लिहाज से सबसे तेज 2000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। टी20 इंटरनेशनल में फास्टेस्ट 2000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ियों की सूची में सबसे उपर पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम हैं। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान दोनों ने ही 52-52 पारियों में यह कारनामा किया था। इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर केएल राहुल हैं। केएल ने 58 पारियों में 2000 टी20 इंटरनेशनल रन पूरे किए थे। रोहित शर्मा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय की 77 पारियों में 2000 रन बनाए थे।
सूर्या की साउथ अफ्रीका के खिलाफ फिफ्टी
सूर्यकुमार यादव ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 में हाफ सेंचुरी पूरी कर ली है। यह उनकी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांचवी पारी में चौथी फिफ्टी है। सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंद में ये हाफ सेंचुरी पूरी की। इस मैच में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दोनों सलामी बल्लेबाज 6 के स्कोर पर ही पवेलियन लौट गए। उसके बाद सूर्या ने भारतीय पारी को संभाला है। खबर लिखे जाने तक रिंकू सिंह और सूर्या क्रीज पर हैं और दोनों के बीच 63 रन की साझेदारी हो चुकी है।
