भारत ने बुधवार 19 मार्च 2025 को शिलांग में खेले गए अंतरराष्ट्रीय मैत्री फुटबॉल मैच में सुनील छेत्री के गोल की मदद से मालदीव को 3-0 से हराया। छेत्री के अलावा, राहुल भेके और लिस्टन कोलाको ने भी भारत के लिए गोल किए। इस मैच के नतीजे से भारत का नवंबर 2023 (489 दिन/करीब 16 महीने) से शुरू हुआ जीत का सूखा भी खत्म हो गया। इस दौरान भारत ने 12 मैच खेले थे, लेकिन किसी में भी जीत हासिल नहीं कर पाया था।
भारतीय फुटबॉल टीम ने खत्म किया 16 महीने का सूखा
सुनील छेत्री ने अपना 152वां मैच खेलने के लिए 286 दिन बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी की। यह 16 महीनों में भारत की पहली जीत थी और मनोलो मार्केज की कोचिंग में भी पहली जीत थी। मनोलो मार्केज को पिछले साल जुलाई में मुख्य कोच बनाया गया था। भारत की आखिरी जीत 16 नवंबर, 2023 को कुवैत सिटी में 2026 फीफा विश्व कप क्वालिफाइंग राउंड मैच में कुवैत (1-0) के खिलाफ आई थी।
बुधवार से पहले मार्केज के नेतृत्व में भारत एक बार हारा और तीन मैच ड्रॉ खेला। हाल के मुकाबलों में ‘ब्लू टाइगर्स’ (भारतीय फुटबॉल टीम) के गोलों की कमी को देखते हुए भारतीय कोच मनोलो मार्केज ने 2027 एएफसी एशियाई कप क्वालिफाइंग तीसरे दौर के मैच (बांग्लादेश के खिलाफ) से पहले सुनील छेत्री को संन्यास से वापसी करने के लिए राजी किया था।
भारतीय फुटबॉल टीम के दृष्टिकोण से मालदीव के खिलाफ 19 मार्च 2025 को खेला गया मुकाबला 25 मार्च को बांग्लादेश के साथ होने वाले तीसरे दौर के मैच से पहले एक अच्छा तैयारी मुकाबला था। यह पहली बार है जब शिलांग में कोई अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजित किया गया। मालदीव के खिलाफ मैच में हाफ-टाइम के समय मैच का स्कोर 1-0 से भारत के पक्ष में था।
राहुल भेके ने खोला भारत का खाता
कप्तान सुनील छेत्री को 82वें मिनट में इरफान यादव ने रिप्लेस किया। इससे पहले भारत की ओर से राहुल भेके ने 35वें मिनट में गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद लिस्टन कोलाको ने 66वें मिनट में स्कोर 2-0 कर दिया। पिछले साल मई में संन्यास लेने के बाद राष्ट्रीय टीम में लौटे 40 वर्षीय सुनील छेत्री ने इस दिन को यादगार बना दिया।
सुनील छेत्री ने किया 95वां अंतरराष्ट्रीय गोल
सुनील छेत्री ने 77वें मिनट में अपने 95वें अंतरराष्ट्रीय गोल के लिए हेडर से भारत का तीसरा गोल किया। गोल करने के बाद सुनील छेत्री की आंखें नम हो गईं। टीम के साथियों ने उन्हें घेर लिया। अंतररष्ट्रीय वापसी पर पहले ही मैच में गोल करने के बाद सुनील छेत्री का कैसा रिएक्शन था, यह नीचे वीडियो में देखा जा सकता है।
