भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री इन दिनों चर्चा में बने हुए हैं। आजकल वह जहां भी जाते हैं, वहीं पर बड़ी संख्या में उनके फैंस उनसे मिलने पहुंच जाते हैं। दरअसल इंटरकॉन्टिनेंटल कप के दौरान दर्शकों की कम संख्या के बाद जब सुनील छेत्री ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करके लोगों से स्टेडियम में आकर टीम को सपोर्ट करने की मार्मिक अपील की थी। इसके बाद दर्शकों ने भी सुनील छेत्री की अपील पर बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर उनके प्रति अपना सम्मान जताया था। अब एक बार फिर सुनील छेत्री खबरों में हैं और यह ऐसी खबर है, जिससे ना सिर्फ सुनील छेत्री नाराज हुए हैं बल्कि देश का कोई भी नागरिक नाराज हो सकता है।

बता दें कि इंटरकॉन्टिनेंटल कप के फाइनल मैच के बाद सुनील छेत्री जब ड्रेसिंग रुम की तरफ जा रहे थे, तभी एक दर्शक ने भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान की तरफ ऑटोग्राफ के लिए तिरंगा उछाला, जो कि जमीन पर गिर गया। जिस पर बैकरुम स्टाफ के एक सदस्य का अनजाने में राष्ट्रध्वज पर पैर पड़ गया। इस घटना ने सुनील छेत्री को नाराज कर दिया। इसके बाद सुनील छेत्री ने दर्शकों से ऐसा नहीं करने की अपील की। छेत्री ने दर्शकों से कहा कि वह अभी वापस लौटेंगे और दर्शकों से मिलेंगे। उल्लेखनीय है कि सुनील छेत्री भारतीय फुटबॉल के बड़े सितारे हैं और फुटबॉल प्रेमियों के बीच एक जाना-पहचाना नाम हैं। लेकिन बीते हफ्ते अपनी वीडियो के बाद उनकी लोकप्रियता में गजब का उछाल आया है।

कई भारतीय सेलेब्रिटिज ने भी सुनील छेत्री के इस वीडियो के बाद अपना समर्थन दिया था और उन्होंने भी दर्शकों से स्टेडियम में जाकर मैच देखने की अपील की थी। सुनील छेत्री अन्तरराष्ट्रीय मैंचों में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में लियोनेस मेसी के बाद दूसरे स्थान पर हैं। माना जा रहा है कि मौजूदा इंटरकॉन्टिनेंटल कप में ही सुनील छेत्री सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में लियोनेल मेसी की बराबरी या फिर मेसी को पीछे भी छोड़ सकते हैं। बता दें कि सुनील छेत्री अभी तक अन्तरराष्ट्रीय मैंचों में 62 गोल कर चुके हैं, जबकि मेसी के नाम 64 गोल का रिकॉर्ड है।