कप्तान विराट कोहली (नाबाद 110) के 30वें शतक और भुवनेश्वर कुमार (42-5) के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारत ने पांच वनडे मैचों की सीरीज के आखिरी मैच में रविवार को श्रीलंका को छह विकेट से हरा दिया। इसी के साथ भारत ने श्रीलंका में पहली बार 5-0 से वनडे सीरीज पर कब्जा जमाया है। भुवनेश्वर की आगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को 49.4 ओवरों में 238 रनों पर ढेर कर दिया था और फिर कोहली की शतकीय पारी के आलावा केदार जाधव (63) के अर्धशतक के दम पर इस आसान से लक्ष्य को 46.3 ओवरों में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत की विदेशी जमीं पर 5-0 से यह दूसरी जीत है। इससे पहले उसने विराट की कप्तानी में ही 2013 में जिम्बाब्वे को उसी के घर में 5-0 से शिकस्त दी थी।

116 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौकों की मदद से शतकीय पारी खेलने वाले विराट ने अपनी इस पारी से ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली है। विराट वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों के मामले में पोंटिंग के समकक्ष आकर दूसरे स्थान पर खड़े हो गए हैं। दोनों के 30 शतक हैं। इन दोनों से सिर्फ एक ही बल्लेबाज आगे है, वो हैं सचिन तेंदुलकर। सचिन के वनडे में सर्वाधिक 49 शतक हैं। इस मैच में कोहली ने अपने लिस्ट-ए करियर में 10,000 रन भी पूरे किए हैं।

आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत को हालांकि अच्छी शुरुआत नहीं मिली और उसने 29 के कुल स्कोर पर अपने दो विकेट खो दिए। शिखर धवन के स्वदेश लौटने के कारण इस मैच में सलामी बल्लेबाजी करने उतरे अजिंक्य रहाणे (5) 17 के कुल स्कोर पर लसिथ मलिंगा का शिकार बने। वहीं दूसरे सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा 16 रनों का योगदान देकर 29 के कुल स्कोर पर विश्वा फर्नाडो का शिकार बने लेकिन इसके बाद विराट और मनीष पांडे (36) ने टीम का स्कोर 128 तक पहुंचाया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 99 रनों की साझेदारी को मालिंदा पुष्पाकुमारा ने तोड़ा। उन्होंने मनीष को कप्तान उपुल थरंगा के हाथों कैच कराया।

यहां से जाधव और विराट ने टीम को जीत की दहलीज तक बड़ी आसानी से पहुंचाया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 109 रनों की साझेदारी की। टीम को जब जीत के लिए दो रनों की जरूरत थी तभी जाधव वानिंडु हासारंगा की गेंद पर विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को कैच दे बैठे। जाधव ने 73 गेंदों में सात चौकों की मदद से अर्धशतकीय पारी खेली। महेंद्र सिंह धौनी एक रन पर नाबाद लौटे। इससे पहले, भुवनेश्वर की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों श्रीलंका को 49.4 ओवरों में 238 रनों पर ही समेट दिया।

लाहिरू थिरिमाने (67) और पूर्व कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (55) के बीच चौथे विकेट के लिए हुई 122 रनों की साझेदारी के बाद लग रहा था कि टीम एक अच्छा स्कोर खड़ा करेगी, लेकिन इन दोनों के जाने के बाद श्रीलंका टीम के बाकी बचे पांच विकेट महज 44 रनों पर ही गिर गए।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम को एक बार फिर खराब शुरुआत मिली। उसने 63 के कुल स्कोर पर ही अपने तीन विकेट खो दिए थे। डिकवेला (2) दिलशान मुनावीरा (4) और कप्तान थरंगा (49) पवेलियन लौट लिए थे। श्रीलंकाई टीम यहां संकट में थी। उस पर जल्दी ऑल आउट होने का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन मैथ्यूज और थिरिमाने ने उसे बचा लिया।

दोनों ने यहां से संभल कर खेलते हुए टीम को संकट से बाहर निकाला और चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। थिरिमाने, भुवनेश्वर की गेंद पर 39वें ओवर की पांचवीं गेंद दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से बोल्ड हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 102 गेंदों का सामना किया और तीन चौकों सहित एक छक्का लगाया। थिरिमाने 185 के कुल स्कोर पर आउट हुए। श्रीलंकाई टीम अपने कुल स्कोर में नौ रनों का इजाफा ही कर पाई थी कि चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने मैथ्यूज को धौनी के हाथों कैच करा उनकी भी पारी का अंत किया। 98 गेंदों में 55 रन बनाने वाले मैथ्यूज ने चार चौके लगाए।

दो सेट बल्लेबाजों के जाने के बाद श्रीलंका की टीम एक बार फिर सकंट में थी और भारतीय गेंदबाजों के पास एक बार फिर उसे कम स्कोर पर रोकने का मौका था। भारत ने इस मौके का बखूबी फायदा उठाया। बाकी के बल्लेबाज एक के बाद एक आउट होते रहे और श्रीलंका 238 के स्कोर से आगे नहीं जा पाई। भुवनेश्वर के पांच विकेट के अलावा बुमराह ने दो विकेट लिए। कुलदीप और युजवेंद्र चहल को एक-एक सफलता मिली। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।

यहां पढ़ें India vs Sri Lanka 5th ODI:

[matchcode-to-post id=”slin09032017183843″]

-भारत ने 46.3 ओवर में 6 विकेट शेष रहते जीत दर्ज की।

-भारत को मैच जीतने के लिए 2 रन की जरूरत। तभी 46.1 ओवर में केदार जाधव (63) आउट। भारत को चौथा झटका।

-46वें ओवर में कोहली ने चौका लगाया। भारत जीत के करीब।

-विराट कोहली ने 43वें ओवर में अपना शतक पूरा किया। ये उनका 30वां शतक है।

-भारत जीत के बेहद करीब। जाधव ने इस बीच अपना अर्धशतक पूरा किया।

-भारत को जीत के लिए 71 गेंदों में 38 रन की जरूरत है। वहीं विराट कोहली (94) भी अपने 30वें शतक के बेहद करीब हैं।

-हसरंगा के पांचवें ओवर से एक चौके के साथ 7 रन बने। भारत – 185/3 (36)

-दोनों खिलाड़ियों के बीच 58 गेंदों में 50 रन की साझेदारी हो चुकी है।

-34वें ओवर में दो चौकों की मदद से टीम ने 9 रन बनाए। भारत – 174/3 (34)

-भारत को जीत के लिए 103 गेंदों में 74 रन की जरूरत। कोहली 76 रन बनाकर खेल रहे हैं।

– 31वें ओवर में भारत के 150 रन पूरे।

– विराट कोहली 67 गेंदों में 70 रन बनाकर खेल रहे हैं। अगर वह आज शतक लगाते हैं तो रिकी पोंटिंग के 30 वनडे शतकों की बराबरी कर लेंगे। फिर उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर रह जाएंगे जिन्‍होंने वनडे में 49 शतक लगाए हैं।

– क्रीज पर केदार जाधव बल्‍लेबाजी करने आए हैं, जो पिछले मैच में कुछ खास नहीं कर सके थे।

– मनीष पांडे खराब शॉट खेलकर आउट हुए। मिडविकेट पर बाउंड्री लगाना चाहते थे मगर आड़े बैट से गेंद हवा में चली गई। वे 53 गेंदों में 36 रन बनाकर आउट हुए।

– विराट कोहली अपना अर्द्धशतक पूरा कर चुके हैं। वे अब 100 से ज्‍यादा के स्‍ट्राइक रेट से बल्‍लेबाजी कर रहे हैं।

– भारतीय टीम के 100 रन पूरे। 20वें ओवर में बने 100 रन।

– पिछले वनडे में मौका मिलने पर अर्द्धशतक जड़ने वाले मनीष पांडे सीरीज के आखिरी मैच में भी अच्‍छा खेल रहे हैं। उनके साथ कोहली भी लगभग 100 के स्‍ट्राइक रेट से बल्‍लेबाजी कर रहे हैं।

– रोहित शर्मा ने द्विपक्षीय एकदिवसीय सीरीज में सबसे ज्‍यादा बार 300 से ज्‍यादा रन बनाने वाले बल्‍लेबाजों की बराबरी कर ली है। उन्‍होंने 4 श्रृंखलाओं में ऐसा कारनामा किया है। अब राहुल द्रविड़, विराट कोहली, क्विंटन डिकॉक और रोहित शर्मा 4-4 बार ऐसा कर चुके हैं।

– भारतीय पारी के 10 ओवर समाप्‍त हो चुके हैं। दो विकेट के नुकसान पर टीम ने 53 रन बना लिए हैं। जीत के लिए उसे 186 रनों की दरकार है।

– फर्नांडो की गेंद पर रोहित शर्मा फंस गए। महेंद्र पुष्‍पकुमारा ने शानदार कैच लपक कर रोहित को 16 के स्‍कोर पर चलता किया। भारत का दूसरा विकेट गिरा। भारत का स्‍कोर 29/2 (7.3)

– मलिंगा ने अपने चार ओवर में सिर्फ 10 रन दिए हैं और रहाणे का विकेट भी हासिल किया है।

-लसिथ मलिंगा ने अपने तीसरे ही ओवर में भारत को पहला झटका दिया। अजिंक्य रहाणे कैच आउट। भारत – 17/1 (5)

-दिलहारा फर्नांडो पारी का चौथा ओवर डालते हुए। पहली दो गेंदों पर सिंगल। अगली डॉट। रोहित शर्मा ने चौथी गेंद पर डबल लिया। पांचवीं बॉल पर शानदार चौका। इस ओवर से आठ रन बने। भारत – 15/0 (4)

-दूसरे ओवर में महज 3 रन बने।

-मलिंगा पारी का पहला ओवर डालते हुए। पहली ही गेंद पर रोहित शर्मा ने डबल के साथ टीम इंडिया का खाता खोला। पहले ओवर से भारत ने बिना विकेट गंवाए 4 रन बनाए।

-भारत की ओर से रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे सलामी बल्लेबाज के रूप में मैदान पर आए।

-भुवनेश्वर कुमार ने पांच विकेट लिए। श्रीलंका ने भारत को जीत के लिए 239 रन का टारगेट दिया।

-श्रीलंका को 47.2 ओवर में नौंवा झटका लगा। भुवनेश्वर कुमार ने श्रीवर्धना को आउट किया। श्रीलंका- 230/9 (48)

-मलिंडा पुष्पकुमारा 8 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर क्लीन बोल्ड। श्रीलंका को आठवां झटका लगा।

-श्रीलंका ने लगातार दो गेंदों पर छक्का लगाया।

-चहल अपना आखिरी ओवर डालते हुए। पहली दो गेंदों पर सिंगल। अगली डॉट। चौथी पर एक रन के लिए दौड़। आखिरी गेंद पर धोनी ने धनंजय को स्टंप आउट किया।

-43वें ओवर में हसरंगा (9) रन आउट। श्रीलंका को छठा झटका।

-एंजेलो मैथ्यूज 98 गेंदों में 55 रन बनाकर कुलदीप यादव के शिकार बने। भारत को पांचवीं सफलता। नए बल्लेबाज के रूप में हसरंगा मैदान पर। श्रीलंका- 201/5 (42)

-भुवनेश्वर कुमार ने पारी के 41वें ओवर में एक चौके के साथ पांच रन लुटाए। भारत अभी भी मुकाबले में हावी दिख रहा है। श्रीलंका- 194/4 (41)

-जसप्रीत बुमराह ने अपने 8वें ओवर में नो बॉल फेंकी। ये टीम की ओर से पहली नो बॉल है। इस ओवर से 3 रन। श्रीलंका- 189/4 (40)

-नए बल्लेबाज के रूप में मिलिंडा श्रीवर्धना मैदान पर आए।

-भुवनेश्वर कुमार अपना छठा ओवर डालते हुए। पहली गेंद पर सिंगल। अगली डॉट। तीसरी पर एक रन के लिए दौड़। थिरिमाने 67 रन पर बोल्ड। भारत को चौथी सफलता।

-एंजेलो मैथ्यूज ने अपना 35वां अर्धशतक लगाया। चहल के आठवें ओवर में 4 रन बने। श्रीलंका- 177/3 (37)

-दोनों बल्लेबाजों के बीच 145 गेंदों में शतकीय साझेदारी पूरी। चहल को भले ही पहले 6 ओवर में विकेट ना मिला हो मगर उन्होंने गेंदबाजी शानदार की है।

-लाहिरु थिरिमाने ने अपने तीसरे वनडे मैच में दूसरा अर्धशतक जमाया। श्रीलंका ने इस ओवर से 7 रन बनाए। श्रीलंका- 157/3 (32)

-मेजबान टीम 4.94 के रनरेट से बल्लेबाजी करती हुई। 31वें ओवर की पहली गेंद पर चहल ने सिंगल दिया। श्रीलंका- 151/3 (31)

-28वें ओवर में थिरिमाने ने शानदार छक्का जड़ा।  श्रीलंका- 142/3

-दोनों बल्लेबाजों के बीच 103 गेंदों में 133 रन की साझेदारी हो चुकी है।

-युजवेंद्र चहल ने 26वें ओवर में सिर्फ 3 सिंगल दिए। श्रीलंका इस वक्त  5.12 के रनरेट से बल्लेबाजी करता हुआ।

-24वें ओवर की पहली गेंद पर मैथ्यूज कैच आउट होने से बाल-बाल बचे। इस बॉल पर चौका। श्रीलंका- 130/3 (25)

-युजवेंद्र चहल ने अपने दूसरे ओवर में 2 सिंगल दिए। श्रीलंका संभलकर खेलती दिख रही है।

-शार्दुल ठाकुर के पांचवें ओवर से तीन सिंगल श्रीलंका ने जुटाए। मेजबान टीम ने 23 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 121 रन बना लिए हैं।

-युजवेंद्र चहल अपना पहला ओवर डालते हुए। इस ओवर से महज 2 सिंगल। श्रीलंका- 118/3 (22)

-कुलदीप यादव के छठे ओवर की शुरुआत थिरिमाने ने स्लॉग स्वीप के साथ की। अगली तीन डॉट। श्रीलंका- 116/3 (21)

-जाधव अपने दूसरे ओवर के साथ। पहली दो गेंदों पर सिंगल। तीसरी डॉट। इस ओवर से कुल पांच रन बने। श्रीलंका- 110/3 (20)

-19वें ओवर में चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने महज 3 सिंगल दिए। श्रीलंका की शुरुआत बेहद धीमी रही है। भारतीय गेंदबाज पहले 19 ओवर तक हावी नजर आए हैं।

-केदार जाधव को बुमराह के स्थान पर गेंदबाजी सौंपी गई। दोनों बल्लेबाजों के बीच में 53 गेंदों में 39 रन की साझेदारी हो चुकी है। श्रीलंका- 102/3 (18)

-मैदान पर बादल फिर से छा चुके हैं। कुलदीप यादव ने चौथे ओवर की पहली दो पर कोई रन नहीं दिया। अगली पर सिंगल। चौथी बॉल पर दो रन के लिए दौड़। पांचवीं गेंद पर मैथ्यूज कैच आउट होते बाल-बाल बचे। श्रीलंका- 97/3 (17)

-जसप्रीत बुमराह ने 16वें ओवर की पहली गेंद पर सिंगल लिया। दूसरी पर कोई रन नहीं। आखिरी गेंद पर मैथ्यूज ने चौका लगाया। श्रीलंका – 94/3 (16)

-कुलदीप यादव के तीसरे ओवर की पहली गेंद पर मैथ्यूज ने सिंगल लिया। अगली चार गेंदें डॉट। आखिरी बॉल पर थिरिमाने ने चौका लगाया। श्रीलंका – 88/3 (15)

-बुमराह ने 14वें ओवर की शुरुआत वाइड डिलीवरी के साथ की। चौथी बॉल पर मैथ्यूज ने चौका लगाया। आखिरी गेंद पर फिर से चौका श्रीलंका – 83/3 (14)

-कुलदीप यादव अपना दूसरा ओवर डालते हुए। पहली गेंद पर सिंगल। अगली डॉट। तीसरी पर फिर से एक रन के लिए दौड़। इस ओवर से महज 2 रन। श्रीलंका – 72/3 (13)

-श्रीलंका ने पहले 12 ओवर तक तीन विकेटों के नुकसान पर 69 रन बना लिए हैं। थिरिमाने (7) और एंजेलो मैथ्यूज (3) क्रीज पर मौजूद हैं।

-जसप्रीत बुमराह ने अपनी दूसरी ही गेंद पर खतरनाक नजर आ रहे उपुल थुरंगा (48) के विकेटों के पीछे कैच आउट करवाया। मेजबान टीम को तीसरा झटका। श्रीलंका – 64/3 (10)

-नौवें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने पहली पांच गेंदों पर कोई रन नहीं दिया। आखिरी गेंद पर डबल। श्रीलंका – 59/2 (9)

-नए बल्लेबाज के रूप में लाहिरु थिरिमाने बल्लेबाजी के लिए आए। थरंगा ने आखिरी तीनों गेंदों पर चौका लगाया। इस महंगे ओवर से 17 रन बने। श्रीलंका – 57/2 (8)

-7वें ओवर की तीसरी बॉल पर दिलशान मुनवीरा (4) के रूप में श्रीलंका को दूसरा विकेट लिया। श्रीलंका – 40/2 (7)

-श्रीलंका की ओर से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मुनवीरा मैदान पर आए। चौथे ओवर में तीसरी गेंद पर चौका। शार्दुल के इस ओवर में 7 रन बने। श्रीलंका – 21/1 (4)

-भुवनेश्वर कुमार अपने दूसरे ओवर के साथ। पहली गेंद डॉट। अगली पर सिंगल। तीसरी और चौथी बॉल पर कोई रन नहीं। पांचवीं पर थरंगा ने सिंगल लिया। आखिरी गेंद पर डिकवेला कैच आउट।

-दूसरा ओवर शार्दुल ठाकुर के हाथों में। तीसरी बॉल पर उपुल थरंगा ने चौका लगाया। इस ओवर से भी 6 रन बने। श्रीलंका – 12/0 (2.0)

-भारत की ओर से गेंदबाजी की शुरुआत भुवनेश्वर कुमार करते हुए। पहली ही गेंद पर डिकवेला ने सिंगल लेकर टीम का खाता खोला। तीसरी बॉल पर चौका। पहले ओवर में श्रीलंका ने बगैर किसी नुकसान के 6 रन बनाए।

-श्रीलंका की ओर से सलामी जोड़ी के रूप में निरोशन डिकवेला और उपुल थरंगा मैदान पर आए।

-इस मैच के लिए हालांकि भारत के पास उसके सलामी बल्लेबाज शिखर धवन नहीं होंगे। धवन अपनी बीमार मां को देखने के लिए स्वेदश लौटे हैं। वह इस पांचवें वनडे और छह सिंतबर को होने वाले इकलौते टी-20 मैच में नहीं खेलेंगे।

-श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया।

-इस मैच में जीत के साथ ही भारत इतिहास कायम करने की कोशिश करेगी। मेहमान टीम अगर मैच जीतने में सफल रहती है तो वह दूसरी बार विदेशी जमीन पर 5-0 से जीत हासिल करने का रिकार्ड भी अपने नाम कर सकती है।

-धोनी इस मैच में एक रिकार्ड अपने नाम कर सकते हैं। उनके नाम वनडे में 99 स्टम्पिंग दर्ज हैं। अगर वह एक और स्टम्पिंग कर लेते हैं तो वनडे में 100 स्टम्पिंग करने वाले पहले विकेटकीपर बन जाएंगे। वह इस समय कुमारा संगाकार के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। दोनों के नाम 99 स्टम्पिंग हैं। धोनी से टीम एक बार और बड़ी पारी की उम्मीद करेगी।

-मैदान से कवर हटाए जा रहे हैं। मैच में कटौती की कोई आशंका नहीं हैं।

-बारिश के कारण 2.30 बजे होगा टॉस और मैच 3 बजे से शुरू होगा।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं…

श्रीलंका : उपुल थरंगा (कप्तान), निरोशान डिकवेला (विकेटकीपर), दिलशान मुनावीरा, लाहिरु थिरिमान्ने, एंजेलो मैथ्यूज, मिलिंदा श्रीवर्दने, वनिडु हासारंगा, अकिला धनंजय, मलिंदा पुष्पककुमारा, विश्व फर्नांडो और लसिथ मलिंगा।

भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, मनीष पांडे, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धौनी (विकेटकीपर), भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल और शार्दुल ठाकुर।