भारत की मेजबानी में 5 अक्टूबर से शुरू हो रहे आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए श्रीलंका ने अपनी टीम घोषित कर दी है। विश्व कप के आगाज से लगभग एक हफ्ता पहले श्रीलंका ने टीम का ऐलान किया है। श्रीलंका की वर्ल्ड कप टीम लगभग वही है जो एशिया कप में खेलती हुई नजर आई थी। ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा और तेज गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा चोट के कारण विश्व कप टीम से बाहर हो गए हैं। 15 सदस्यीय विश्व कप टीम की कप्तानी दासुन शनाका ही संभालेंगे। वहीं चमिका करुणारत्ने ट्रैवलिंग रिजर्व प्लेयर के रूप में भारत आएंगे।
हसरंगा की वजह से रुका था श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड!
श्रीलंका की विश्व कप टीम की घोषणा होने के बाद अब सिर्फ बांग्लादेश ही ऐसा बचा है जिसने अभी तक विश्व कप टीम की घोषणा नहीं की है। विश्व कप के लिए टीम की घोषणा करने की आखिरी तारीख 27 सितंबर 2023 तक है। ऐसे में श्रीलंका ने अंतिम तारीख से एक दिन पहले टीम घोषित की है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड अभी तक वानिंदु हसरंगा की इंजरी अपडेट का इंतजार कर रहा था, लेकिन हसरंगा फिट नहीं हैं, जिसके कारण वह विश्व कप नहीं खेल पाएंगे।
एलपीएल के दौरान चोटिल हुए थे हसरंगा
वानिंदु हसरंगा लंका प्रीमियर लीग के फाइनल से पहले इंजर्ड हुए थे। उनकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आया था, जिसके बाद वह एलपीएल का फाइनल भी नहीं खेल पाए थे। इतनी ही नहीं चोट के कारण ही उनका चयन एशिया कप की टीम के लिए नहीं हुआ था। इसके बाद वह विश्व कप टीम से भी बाहर हो गए। हसरंगा के अलावा महेश तीक्षणा और दिलशान मदुशंका की चोट भी टीम के लिए चिंता का सबब बनी हुई थी, लेकिन यह दोनों खिलाड़ी फिट हैं और विश्व कप टीम में चुने गए हैं।
यह है श्रीलंका की वर्ल्ड कप टीम
दासुन शनाका (कप्तान), कुसल मेंडिस (उप-कप्तान), कुसल परेरा, पथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलांका, धनंजय डी सिल्वा, दुशान हेमंथा, महेश तीक्षणा, दुनिथ वेल्लालगे, कासुन राजिथा, मथीशा पथिराना, लाहिरू कुमारा, दिलशान मदुशंका
चमिका करुणारत्ने- ट्रैवलिंग रिजर्व प्लेयर