रॉस टेलर और कोलिन डि ग्रैंडहोम की उम्दा पारियों से न्यूजीलैंड ने खराब शुरुआत से उबरते हुए श्रीलंका को पहले टी20 मैच में 5 विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली। न्यूजीलैंड के 175 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने टेलर (48) और ग्रैंडहोम (44) के बीच चौथे विकेट की 79 रन की साझेदारी की बदौलत 19.3 ओवर में पांच विकेट पर 175 रन बनाकर जीत दर्ज की।

डेरिल मिशेल (नाबाद 25) और मिशेल सेंटनर (नाबाद 14) ने अंतिम लम्हों में धैर्य बरकरार रखते हुए न्यूजीलैंड को लक्ष्य तक पहुंचाया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 2.4 ओवर में 31 रन की अटूट साझेदारी की। इससे पहले न्यूजीलैंड ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 39 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे लेकिन टेलर और ग्रैंडहोम ने पारी को संवारा।श्रीलंका के कप्तान लसिथ मंलिगा (23 रन पर दो विकेट) इस मैच के दौरान टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 99 विकेट के साथ सबसे सफल गेंदबाज बने। मलिंगा ने पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी को पीछे छोड़ा।

टेस्ट क्रिकेट से 2011 में संन्यास लेने वाले मलिंगा ने न्यूजीलैंड की पारी के पहले ओवर में कोलिन मुनरो (00) को बोल्ड करके अफरीदी के 98 विकेट की बराबरी की। 36 साल मलिंगा ने इसके बाद ग्रैंडहोम को बोल्ड करके अपने 74वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में नया रिकार्ड बनाया। इससे पहले सलामी बल्लेबाज कुसाल मेंडिस की 79 रन की पारी से श्रीलंका ने चार विकेट पर 174 रन बनाये। बारिश के कारण टॉस में विलंब हुआ लेकिन निर्धारित ओवरों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। मलिंगा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया था।

Live Blog

Highlights

    22:26 (IST)01 Sep 2019
    बारिश ने बिगाड़ा खेल

    न्यूजीलैंड को जीत के लिए 19 गेंदों में 31 रकनों की जरूरत थी, तभी बारिश के कारण मैच को रोक दिया गया।

    22:15 (IST)01 Sep 2019
    21 गेंदों में 34 रनो की साझेदारी

    रॉस टेलर और कॉलिन डि ग्रैंड होम के बीच चौथे विकेट के लिए 21 गेंदों में 34 रनो की साझेदारी पूरी हो चुकी है। जीत के लिए टीम को 56 गेंद में 102 और बनाने होंगे।

    21:34 (IST)01 Sep 2019
    71 गेंदों में 128 रनों की जरूरत

    न्यूजीलैंड की मुश्किलें बढ़ती हुई। कीवी टीम को अब 71 गेंदों में 128 रनों की जरूरत है। रॉस टेलर और कॉलिन डि ग्रैंडहोम मैदान पर मौजूद है।

    21:21 (IST)01 Sep 2019
    गप्टिल लौटे पवेलियन

    मुनरो के बाद मार्टिन गप्टिल भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकें और सिर्फ 11 के स्कोर पर कैच आउट हो गए। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 85 गेंदों में 140 रनों की जरूरत है।

    21:01 (IST)01 Sep 2019
    मुनरो लौटे पवेलियन

    175 रनों का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही और टीम के सलामी बल्लेबाज कॉलिन मुनरो महज एक रन बनाकर आउट हो गए।

    20:48 (IST)01 Sep 2019
    175 रनो का टारगेट

    न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 174 रन बनाने में कामयाब रही। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 175 रनों की जरूरत है।

    20:24 (IST)01 Sep 2019
    मेंडिस ने 53 गेंदों में 79 रन बनाए

    17 ओवर का खेल खत्म होने के बाद श्रीलंका ने तीन विकेट खोकर 136 रन बना लिए हैं। श्रीलंका की ओर से कुसल मेंडिस ने 53 गेंदों में 79 रन बनाए।

    20:03 (IST)01 Sep 2019
    अविष्का 10 रन बनाकर आउट

    दूसरे विकेट के लिए अविष्का और मेंडिस के बीच 27 रनों की साझेदारी हुई। अविष्का 10 रन बनाकर मिचेल सेंटनर की गेंद पर स्टंप आउट हो गए।

    19:39 (IST)01 Sep 2019
    कुसल परेरा 11 रन बनाकर आउट

    टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका को कुसल परेरा और कुसल मेंडिस ने 41 रनों की ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई। परेरा को टिम साउदी ने 11 के स्कोर पर डि ग्रैंडहोम के हाथों कैच आउट करा टीम को पहली सफलता दिलाई।

    19:24 (IST)01 Sep 2019
    श्रीलंका की तेज शुरुआत

    कुसल मेंडिस और कुसल परेरा के बीच 22 गेंदों में 32 रनों की साझेदारी हो चुकी है। दोनों ही बल्लेबाज तेज गति से टीम के लिए रन बना रहे हैं।

    19:14 (IST)01 Sep 2019
    श्रीलंका की पहले बल्लेबाजी

    श्रीलंका के कप्तान लसिथ मलिंगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। श्रीलंका की कोशिश यहां बड़ा स्कोर खड़ा करने की होगी