IPL 2020 Records: सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान डेविड वार्नर (David Warner) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में 50 या उससे ज्यादा के स्कोर का अर्धशतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मैच में कई रिकॉर्ड बनाए और कई तोड़े। इनमें से सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) का 7 साल पुराना रिकॉर्ड भी है। आईपीएल 2020 में सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड निकोलस पूरन (Nicholas Pooran) ने अपने नाम दर्ज किया। उन्होंने 4 चौके और 6 छक्के की मदद से 17 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही वह क्रिस गेल और कीरोन पोलार्ड जैसे दिग्गज क्रिकेटरों के क्लब में शामिल हो गए।
डेविड वार्नर आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा बार मैच जीतने वाले कप्तान बन गए हैं। वार्नर ने 8 अक्टूबर 2020 की रात बतौर कप्तान किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ अपनी 7वीं जीत हासिल की। वार्नर से पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था। तेंदुलकर आईपीएल में 2008 से 2013 तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे। इस दौरान उन्होंने बतौर कप्तान कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ 6 बार जीत हासिल की थी। पंजाब के खिलाफ मैच में वार्नर ने जॉनी बेयरस्टो के साथ ओपनिंग जोड़ी के रूप में 1000 रन से ज्यादा की साझेदारी करने का रिकॉर्ड भी बनाया। आईपीएल में बतौर ओपनिंग साझेदारी का रिकॉर्ड पहले से ही उनके नाम दर्ज है। वार्नर ने ओपनिंग करते हुए शिखर धवन के साथ मिलकर 2200 रन बनाए हैं।
आईपीएल में सबसे कम गेंद में अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड केएल राहुल के नाम दर्ज है। राहुल ने 2018 में दिल्ली कैपिटल्स (तत्कालीन दिल्ली डेयरडेविल्स) के खिलाफ मैच में 14 गेंद में अर्धशतक बनाया था। उनके बाद यूसुफ पठान और सुनील नरेन का नंबर आता है। यूसुफ ने 2014 में सनराइजर्ज हैदराबाद और सुनील नरेन ने 2017 में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के खिलाफ मैच में 15-15 गेंद में अर्धशतक बना दिया था। साल 2014 में सुरेश रैना ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 16 गेंद में फिफ्टी जड़ दी थी।
आईपीएल इतिहास में पूरन के अलावा अब तक 7 अन्य बल्लेबाज (एडम गिलक्रिस्ट, क्रिस गेल, क्रिस मॉरिस, कीरोन पोलार्ड, सुनील नरेन, ईशान किशन और हार्दिक पंड्या) 17 गेंद में अर्धशतक लगा चुके हैं। गिलक्रिस्ट ने 2009 में दिल्ली, गेल ने 2013 में पुणे वॉरियर्स, मॉरिस ने 2016 में गुजरात लॉयंस, पोलार्ड ने 2016 में कोलकाता नाइटराइडर्स, नरेन ने 2018 में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर, ईशान किशन ने 2018 में कोलकाता नाइटराइडर्स और हार्दिक पंड्या ने 2019 में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ 17-17 गेंद में अपने अर्धशतक पूरे किए थे।


