Salem Spartans Chepauk Super Gillies: क्रिकेट की दुनिया में आपने कई बार ऐसा देखा होगा जब एक ओवर में किसी गेंदबाज की जमकर कुटाई हो। युवराज सिंह के छह छक्के हों या रिंकू सिंह के आखिरी ओवर की आखिरी पांच गेंदों पर छक्के, फैंस को ऐसी पारियां देखने में बड़ा मजा आता है। हालांकि यह ओवर उस गेंदबाज के लिए किसी बुरे सपने जैसा होता है। तमिलनाडु प्रीमियर लीग में खेल रहे अभिषेक तंवर के लिए भी रविवार का दिन कुछ ऐसा ही था।
सलेम स्पार्टन्स के लिए खेलने वाले अभिषेक तंवर ने मंगलवार को खेल इतिहास की सबसे महंगी गेंद डाली। उन्होंने एक गेंद पर 18 रन दिए। आपको यह सुनकर हैरानी हो सकती है लेकिन यही सच है। आपको बताते हैं कि आखिर क्या है एक गेंद पर 18 रन की पूरी कहानी।
अभिषेक तंवर ने आखिरी ओवर में कर दी बड़ी गलती
चेपक सुपर गिलीज की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। उन्होंने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 217 रन बनाए। पारी का आखिरी ओवर अभिषेक तंवर ने डाला जिसमें उन्होंने 26 रन दिए। अभिषेक ने ओवर की पांचवीं गेंद पर संजय यादव को बोल्ड किया। टीम जश्न मनाने लगी तभी अंपायर ने नो बॉल का इशारा किया। इसके बाद मिली फ्री हिट पर संजय यादव ने छक्का लगाया। यह गेंद भी नो बॉल रही।
एक गेंद पर दे डाले 18 रन
इसकी अगली गेंद पर संजय यादव ने दो रन लिए लेकिन गेंद फिर नो बॉल रही। अब तक इस गेंद पर 11 रन आ चुके थे। नो बॉल से परेशान अभिषेक ने इस बार वैरिएशन की कोशिश की लेकिन गेंद वाईड हो गई। आखिरी गेंद तो सही रही लेकिन इस पर संजय ने छक्का जमा दिया। यानी तीन नो बॉल, एक वाईड के कारण अभिषेक तंवर ने 18 रन दे दिए। इसे क्रिकेट की दुनिया में सबसे महंगी गेंद माना जा रहा है हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
217 रनों का लक्ष्य हासिल करने में सलेम स्पार्टन्स के पसीने छूट गए। यह टीम 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 165 रन ही बना पाई और यह मुकाबला 52 रन के बड़े अंतर से हारे।