ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को श्रीलंका को दूसरे टेस्ट मैच में 9 विकेट से मात दी। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को क्लीन स्वीप कर दिया। ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को 2-0 से हराया। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 2011 के बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज जीतने में सफल रही है। श्रीलंका ने पहली पारी में 257 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 414 पर सिमट गई। पहली पारी के लिहाज ने ऑस्ट्रेलिया ने 157 रनों की बढ़त हासिल की। वहीं दूसरी पारी में श्रीलंका ने 231 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट खोकर 75 रन बनाकर मुकाबले को आसानी से जीत लिया।

यह मुकाबला ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के लिए काफी खास साबित हुआ। मैच जीतने के अलावा टीम के कई खिलाड़ियों ने बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। इसमें नेथन लियोन के अलावा स्टीव स्मिथ और एलेक्स कैरी का नाम भी शामिल है।

नेथन नियोन ने श्रीलंका के खिलाफ पहली पारी में तीन और दूसरी पारी में चार विकेट लिए। इसके साथ ही अब श्रीलंका के खिलाफ उनके 60 विकेट हो गए हैं। वह श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने दिग्गज खिलाड़ी शेन वॉर्न को पीछे छोड़ा। वॉर्न ने श्रीलंका के खिलाफ 13 मैचों में 59 विकेट लिए थे। वहीं मिचेल स्टार्क श्रीलंका के खिलाफ 11 टेस्ट मैच में 57 विकेट ले चुके हैं।

ऑस्ट्रेलिया-श्रीलंका टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट

रंगना हेराथ (श्रीलंका)- 66
नाथन लियोन (ऑस्ट्रेलिया)- 60
शेन वॉर्न (ऑस्ट्रेलिया)- 59
मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया)- 57
मुथैया मुरलीधरन (श्रीलंका) – 54

स्टीव स्मिथ ने भी तोड़ा रिकॉर्ड

वहीं स्टीव स्मिथ ने भी ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। स्मिथ ऑस्ट्रेलिया के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने टेस्ट में 200 कैच लिए हैं। मैच के चौथे दिन के पहले सेशन में स्मिथ ने 64वें ओवर में कुशल मेंडिस का कैच लपका। यह उनके टेस्ट करियर का 200वां कैच था। वह राहुल द्रविड़, जैक्स कैलिस, महेला जयवर्धने और जो रूट के बाद टेस्ट में 200 कैच लेने वाले दुनिया के पांचवें क्रिकेटर हैं। भारत के पूर्व कप्तान और मुख्य कोच द्रविड़ 164 मैचों में सबसे ज्यादा 210 कैच लिए हैं। उनके बाद रूट (207), जयवर्धने (205), और कैलिस (200) हैं।

ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को एलेक्स कैरी ने शतकीय पारी खेलते हुए रिकॉर्ड बनाया। कैरी अब एशिया में शतक जड़ने वाले ऑस्ट्रेलिया के मात्र दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। कैरी से पहले यह कारनामा सिर्फ एडम गिलक्रिस्ट ने किया था. गिलक्रिस्ट ने एशिया में कुल 4 शतक लगाए हैं. कैरी दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 139 रन पर नाबाद हैं।