श्रीलंका के पूर्व कप्तान दासुन शनाका को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चुनी गई 16 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली है। शनाका के साथ-साथ बल्लेबाज नुवानिदु फर्नांडो और लेग स्पिनर जेफरी वेंडरसे को भी टीम से बाहर कर दिया गया है। ऑलराउंडर चमिका करुणारत्ने और औपनर बल्लेबाज शेवोन डेनियल टीम में शामिल हो गए हैं।

50 ओवर के प्रारूप में खराब प्रदर्शन के बाद शनाका को टीम से बाहर किया गया है। अपनी पिछली 21 पारियों में उन्होंने सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है और उनका औसत 12.25 का रहा है। 2024 की शुरुआत में जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज से पहले उन्हें व्हाइट बॉल टीम की कप्तानी से हटा दिया गया था। जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में फर्नांडो और वेंडरसे टीम का हिस्सा थे।

मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप

फर्नांडो को एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला। वैंडरसे सीरीज में सिर्फ 1 मैच खेले थे। उसमें काफी प्रभावशाली थे और उन्होंने 47 रन देकर 2 विकेट लिए थे। टीम के बाकी सदस्यों में कुसल मेंडिस, पथुम निसांका, अविष्का फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलांका और जेनिथ लियानाज शामिल हैं, जो एक मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप बनाते हैं। स्पिन विभाग का नेतृत्व स्टार स्पिनर वानिंदु हसरंगा और महेश तीक्ष्णा करेंगे। पेस यूनिट में दुष्मंथा चमीरा, दिलशान मदुशंका और प्रमोद मदुशन जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए श्रीलंका की टीम

कुसल मेंडिस (कप्तान), चरिथ असलांका, पथुम निसांका, अविष्का फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, सहान अराचिगे, शेवोन डेनियल, जेनिथ लियानगे, चमिका करुणारत्ने, महेश तीक्ष्णा, दिलशान मदुशंका, दुष्मंथा चमीरा, डुनिथ वेललागे, प्रमोद मदुशन, अकिला धनंजय, वानिंदु हसरंगा।