ब्राजील के रियो डि जेनेरियो में चल रहे आईएसएसएफ शूटिंग वर्ल्ड कप में भारतीय निशानेबाजों ने सोमवार को बड़ी सफलता हासिल की। अपूर्वी चंदेला और दीपक कुमार की जोड़ी ने 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। वहीं, इसी इवेंट में भारत की एक अन्य जोड़ी अंजुम मौदिगल और दिव्यांश पंवार भी ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफल रहे। इसके साथ ही निशानेबाजी विश्व कप में भारत के पदकों की संख्या 7 हो गई। वह 4 गोल्ड, एक सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर है। चीन एक स्वर्ण, एक रजत और 3 कांस्य पदकों के साथ दूसरे नंबर पर है।

जुम मौदगिल और दिव्यांस पंवार की जोड़ी।

इस वर्ल्ड कप में भारत को पहला पदक 20 साल की इलावेनिल वालारिवान ने दिलाया था। उन्होंने गुरुवार को 10 मीटर एयर राइफल में गोल्ड मेडल जीता था। इलावेनिल ने 251.7 का स्कोर कर यह उपलब्धि हासिल की थी। इलावेनिल के बाद भारत को दूसरा पदक संजीव राजपूत ने दिलाया। उन्होंने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में रजत पदक हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने 2020 टोक्यो ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर लिया। शुक्रवार को अभिषेक वर्मा ने 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में गोल्ड और सौरभ चौधरी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।

 

शनिवार को यशस्विनी देसवाल ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने ओलंपिक कोटा भी हासिल किया। वे टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने वाली भारत की नौवीं निशानेबाज हैं। इलावेनिल का सीनियर वर्ल्ड कप में यह पहला पदक है। इलावेनिल वालारिवान शूटिंग वर्ल्ड कप के इस इवेंट (10 मीटर एयर राइफल) में गोल्ड मेडल जीतने वाली तीसरी भारतीय महिला हैं। इलावेनिल से पहले अपूर्वी चंदेला और अजंलि भागवत यह उपलब्धि अपने नाम कर चुकी हैं।