IPL 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले धाकड़ खिलाड़ी शिवम दुबे की देवधर ट्रॉफी में एंट्री हो गई है। टी20 स्पेशलिस्ट शिवम दुबे पहली बार देवधर ट्रॉफी में खेलते हुए नजर आएंगे। उन्हें वेस्ट जोन ने अपनी टीम में शामिल किया है।
प्रियांक की कप्तानी में खेलेंगे शिवम
24 जुलाई से पुडुचेरी में शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता में मुंबई के स्टार बल्लेबाज शिवम दुबे वेस्ट जोन के लिए खेलेंगे। वेस्ट जोन की कप्तानी प्रियांक पांचाल को सौंपी गई है। वेस्ट जोन का पहला ही मैच 24 जुलाई को नॉर्थ ईस्ट जोन से है। देवधर ट्रॉफी 3 साल बाद वापस आ रही है और इसके सभी मुकाबले पुडुचेरी में खेले जाएंगे।
टीम के अन्य खिलाड़ी
वेस्ट जोन की टीम में शिवम और प्रियांक के अलावा सरफराज खान, पृथ्वी शॉ, राहुल त्रिपाठी और अंकित बवाने खिलाड़ी शामिल हैं। सेलेक्शन कमेटी ने पृथ्वी शॉ को शामिल किया, भले ही उनका काउंटी क्रिकेट खेलने के लिए यूके जाने का प्रोग्राम फिक्स है। इस टीम में युवा गेंदबाज राजवर्धन हंगरगेकर भी हैं, जबकि चेतन साकरिया और तुषार देशपांडे को स्टैंडबाय के रूप में रखा गया है।
आईपीएल 2023 में चमके थे शिवम दुबे
टीम इंडिया के लिए 13टी20 मुकाबले खेल चुके शिवम दुबे एक टी20 स्पेशलिस्ट ऑलराउंडर हैं। उन्होंने आईपीएल 2023 में विस्फोटक बल्लेबाजी की थी। पूरे सीजन में उन्होंने 16 मैचों की 14 पारियों में 38.00 की औसत से 418 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 158.33 का था। दुबे का हाई स्कोर 52 रन था। उन्होंने पूरे सीजन में 35 छक्के लगाए थे। सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों में वह दूसरे स्थान पर रहे थे।
दुबे का करियर
30 साल के शिवम दुबे भारत के लिए 13 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं और 1 वनडे मैच खेला है। टी20 इंटरनेशनल में शिवम दुबे ने 17.50 की औसत से सिर्फ 105 रन बनाए हैं। गेंदबाजी के दौरान उन्होंने 5 विकेट लिए हैं। शिवम दुबे का घरेलू करियर अभी तक अच्छा गया है। लिस्ट ए में शिवम के नाम 47 मैचों में 803 रन हैं। फर्स्ट क्लास में शिवम ने 16 मैचों की 25 पारियों में 1012 रन बनाए हैं।