विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 के पहले राउंड में बिहार के खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिला। 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 34 गेंद पर शतक ठोका। बिहार के कप्तान सकीबुल गनी ने 32 गेंद पर शतक ठोका और लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। वैभव और गनी के साथी आयुष लोहारुका ने भी शतक जड़ा। इन तीनों के अलावा बिहार के एक अन्य खिलाड़ी झारखंड के कप्तान इशान किशन ने 33 गेंदों पर शतक जड़ा।
वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंदों पर शतक
बिहार के 14 साल के ओपनर बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 84 गेंद पर 190 रन ठोके। उन्होंने 16 चौके और 15 छक्के लगाए। 226.19 के स्ट्राइक रेट वाली पारी के दौरान वैभव लिस्ट ए क्रिकेट में अनमोलप्रीत सिंह के सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। अनमोलप्रीत ने 2024 में पंजाब के लिए खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 35 गेंद पर शतक ठोका था। वैभव ने 36 गेंदों पर शतक ठोका।
अनमोलप्रीत का रिकॉर्ड गनी-इशान ने तोड़ा
वैभव सूर्यवंशी भले ही अनमोलप्रीत का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए, लेकिन सकीबुल गनी और इशान किशन ने यह रिकॉर्ड तोड़ दिया। गनी ने 40 गेंद पर 10 चौके और 12 छक्कों की मदद से नाबाद 128 रनों की पारी खेली। इसके अलावा आयुष लोहारुका ने 56 गेंद पर 11 चौके और 8 छक्के की मदद से 116 रन बनाए। बिहार ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 574 रन बनाए। यह लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर है।
इशान किशन ने 33 गेंद पर शतक ठोका
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करके भारत की टी20 टीम में वापसी करने वाले झारखंड के कप्तान इशान किशन ने कर्नाटक के खिलाफ 14 छक्के और 7 चौके की मदद से 39 गेंद पर 125 रन ठोके। पटना में जन्में इशान ने 33 गेंद पर शतक ठोका। वह लिस्ट ए क्रिकेट में दूसरे सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए।
लिस्ट ए में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज
32 – सकीबुल गनी, बिहार बनाम अरुणाचल प्रदेश, 2025*।
33- इशान किशन, झारखंड बनाम कर्नाटक, 2025।
35 – अनमोलप्रीत सिंह, पंजाब बनाम अरुणाचल प्रदेश, 2024।
36 – वैभव सूर्यवंशी, बिहार बनाम अरुणाचल प्रदेश, 2025*।
40 – यूसुफ़ पठान, बड़ौदा बनाम महाराष्ट्र, 2010।
41 – उर्विल पटेल, गुजरात बनाम अरुणाचल प्रदेश, 2023।
42 – अभिषेक शर्मा, पंजाब बनाम मध्य प्रदेश, 2021।
