वर्ल्ड रेसलिंग एंटरनेटमेंट (WWE) फैंस के लिए मंगलवार को एक बुरी खबर सामने आई है। रिंग के सुपरस्टार और WWE हॉल ऑफ फेम रहे स्कॉट हॉल (Scott Hall) का 63 साल की उम्र में निधन हो गया। हॉल पिछले कुछ दिनों से लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे। उन्हें एक के बाद एक तीन हार्ट अटैक एक साथ आए थे जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था।
स्कॉट हॉल WWE के बड़े सुपरस्टार्स में से एक थे जिन्होंने दो बार वर्ल्ड चैंपियनशिप पर भी कब्जा किया था। इसके अलावा वह चार बार इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन भी रहे चुके थे। कुछ समय पहले उनके हिप इंजरी हुई थी जिसके बाद से उनका करियर तो खत्म हुआ ही साथ ही उनका स्वास्थ्य भी दिन-प्रतिदिन बिगड़ता गया।
20 अक्टूबर 1958 को अमेरिका में जन्मे स्कॉट हॉल ने 1984 में अपने रेसलिंग करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद 1991 में वह वर्ल्ड चैम्पियनशिप रेसलिंग में शामिल हुए और उसके बाद धीरे-धीरे उनका नाम प्रसिद्ध होने लगा। फिर साल 1992 में स्कॉट हॉल को WWE ने साइन किया और कुछ ही वक्त बाद वह रेजर रेमन (Razor Ramon) के नाम से मशहूर हो गए। रेजर रेमन उनका रिंग नेम था।
स्कॉट हॉल ने 1996 में एक बार फिर से वर्ल्ड चैम्पियनशिप रेसलिंग को ज्वाइन कर लिया। इसके बाद अपने रिटायरमेंट तक स्कॉट वहीं रहे। रिटायरमेंट के बाद स्कॉट हॉल को WWE के हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया था। अपने WWE करियर के दौरान वह काफी लोकप्रिय रहे। उस वक्त के युवा रेसलर शॉन माइकल, केविन नैश समेत कईयों के लिए प्रेरणादायक भी रहे।
स्कॉट हॉल के निधन पर WWE ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर कई वीडियो और पोस्ट के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी। ट्वीट में लिखा कि, हमें यह जानकर बेहद दुख हुआ कि दो बार के चैंपियन और WWE हॉल ऑफ फेमर स्कॉट हॉल का निधन हो गया। उनको हम श्रद्धांजलि देते हैं और उनके परिवार, दोस्तों व फैंस के लिए भारी मन से दुख प्रकट करते हैं।
वहीं स्कॉट के निधन के एक दिन पहले ही साथी रेसलर ड्वैन जॉनसन (द रॉक) ने उनके लिए ट्वीट करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। उन्होंने लिखा था कि, मेरे दोस्त मजबूत रहिए। हमे वापस ‘Bad Guy’ की जरूरत है। दरअसल स्कॉट को इस नाम से भी जाना जाता था। ट्रिपल एच ने उनके निधन पर कहा कि, मैंने अपना भाई खो दिया।